जल-जंगल-जमीन के अधिकार पर आर-पार, विश्व आदिवासी दिवस पर वन विभाग का घेराव

लातेहार के छिपादोहर में आदिवासियों ने वन विभाग की नीतियों और अधिकारों के हनन के विरोध में कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।

लातेहार: प्रखंड के छिपादोहर क्षेत्र में वन विभाग की कार्यशैली से नाराज तथा वन अधिकार कानूनों के उल्लंघन और उत्पीड़न के खिलाफ ग्रामीण उग्र आंदोलन पर उतर गए. वन विभाग की नीतियों के विरोध में क्षेत्र के आदिवासी व मूलवासियों द्वारा विश्व आदिवासी दिवस पर वन विभाग के कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया गया.

ग्रामीण छिपादोहर-हेहेगड़ा तीसरी रेलवे लाइन की अनापत्ति स्वीकृति, लाभर-टोंगरी, लाभर-कोरवामड़ई, बारीदोहर-सैदुप सड़क की अनापत्ति तथा वनों से जुड़े अधिकारों के हनन को लेकर पूरी तरह मुखर हैं. ग्रामीण काफी संख्या में एक जुलूस की शक्ल में मुख्य सड़क से होते हुए वन विभाग कार्यालय का घेराव करने पहुंचे.

मुखिया संघ के अध्यक्ष सुभाष सिंह ने कहा, “हमारे अधिकारों की रक्षा ही सही अर्थों में आदिवासी गौरव की रक्षा होगी तथा जनजातीय गौरव के मूल संदेश को सार्थक करेगी.”

फादर अमित खाखा ने कहा कि जल, जंगल, जमीन की रक्षा का दायित्व आदिवासी समाज आदिकाल से निभाता आ रहा है. प्रमुख सुशीला देवी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर क्षेत्र की उपेक्षा करने का आरोप लगाया.

देवनाथ सिंह ने कहा कि वन विभाग द्वारा हमारे पारंपरिक अधिकारों की लगातार अनदेखी की जा रही है. वन विभाग की विकास और विस्थापन संबंधी नीति से आज क्षेत्र का आदिवासी समाज पूरी तरह आहत है.

ग्रामीण डिप्टी डायरेक्टर प्रजेश कांत जेना को धरना स्थल पर बुलाने की मांग पर अंत समय तक अड़े रहे. लेकिन बाद में रेंजर अजय टोप्पो को मांग पत्र सौंपा गया. वन विभाग के उचित आश्वासन के बाद कार्यालय का घेराव समाप्त किया गया.

मौके पर भीमानंद गिरी, उमेश चंद्रवंशी, मुन्ना गुप्ता, विजय कुमार प्रसाद, सुनील कुमार, महेश अग्रवाल, चंदू प्रसाद, दीपा देवी, बृजिनिया कच्छप व पुष्पा मिंज समेत काफी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >