महुआडांड़. आदिवासी जिला कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में जिला अध्यक्ष अजीत पाल कुजूर के नेतृत्व में शास्त्री चौक पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बयान के विरोध में पुतला दहन किया गया. प्रदर्शन कारियों का आरोप था कि गत 24 मई को दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय गृह मंत्री द्वारा आदिवासी समाज को वनवासी कहकर संबोधित किया गया. जिससे आदिवासी समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं. प्रदर्शनकारियों ने इसे आदिवासी अस्मिता, पहचान, संस्कृति और इतिहास का अपमान बताते हुए कड़ा विरोध किया है. जिला अध्यक्ष श्री कुजूर ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी विशिष्ट पहचान, संस्कृति, परंपराएं और गौरवशाली इतिहास है. आदिवासी समुदाय को वनवासी कहकर संबोधित करना उनकी मूल पहचान को कमजोर करने का प्रयास है, जिसे समाज किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं करेगा. आदिवासी समाज ने देश की एकता, अखंडता और विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है तथा जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करता रहा है. मौके पर कांग्रेस प्रदेश के सह सचिव कांता एक्का, उप मुखिया राजेश टोप्पो, पंचायत समिति निर्मला टोप्पो, मुखिया सुषमा कुजूर, देवकुलिश एक्का, सुनील टोप्पो, बसंती देवी, प्रदीप बाखला, इग्नेशियूस टोप्पो, पलसीदा टोप्पो, सीबेरियूस मिंज, कैथरीना टोप्पो, मरियम एक्का, जीवंती मिंज व राजेश ठाकुर सहित कई लोग मौजूद थे.
आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने गृहमंत्री का पुतला जलाया
आदिवासी कांग्रेस कमेटी ने गृहमंत्री का पुतला जलाया
