चंदवा. शनिवार की रात अनगड़ा गांव स्थित बंद पड़े एस्सार पावर प्लांट (अब ओएएसपीएल) परिसर में स्क्रैप चोरी कर रहे तीन लोगों को चंदवा पुलिस ने गिरफ्तार किया. पुलिस ने उनके पास से करीब पांच टन लोहे का स्क्रैप बरामद किया.
गुप्त सूचना पर प्लांट में छापेमारी
पुलिस के अनुसार, एसपी कुमार गौरव को प्लांट से स्क्रैप चोरी की गुप्त सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी मनोरंजन प्रसाद सिंह के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया. टीम ने अरधे गांव के समीप प्लांट में छापेमारी कर स्क्रैप ले जा रहे तीन लोगों को पकड़ा.
तीन गिरफ्तार, 20 अज्ञात पर भी प्राथमिकी
गिरफ्तार आरोपियों में विकास उरांव (पिता मनोज उरांव, दामोदर), मयनाथ गंझू (पिता मनु गंझू, चतरो) और रवि कुमार सिंह (जमीरा) शामिल हैं. पुलिस ने चंदवा थाना कांड संख्या 171/26 के तहत मामला दर्ज किया है. मामले में 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गयी है.
अन्य आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी है. गिरफ्तार तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में लातेहार भेज दिया गया.
