बनवारी साहू कॉलेज की टीम ने किया गांवों का भ्रमण
बनवारी साहू कॉलेज की टीम ने किया गांवों का भ्रमण
लातेहार. सदर प्रखंड की हेठपोचरा पंचायत के सभागार में झारखंड ग्रासरूट कार्यक्रम के तहत हेठपोचरा और जराम गांव का फील्ड विजिट किया गया. जिला परिषद अध्यक्ष पूनम देवी द्वारा पूर्व में शुभारंभ की गयी इस योजना के तहत बनवारी साहू महाविद्यालय की चयनित टीम ने नवल किशोर प्रसाद के नेतृत्व में गांवों का भ्रमण किया. इस दौरान टीम लीडर अनुप्रिया कुमारी, नेहा, रानी और प्रीति कुमारी ने ग्रामीणों को ग्रासरूट प्रोजेक्ट की विस्तृत जानकारी दी. मौके पर मुखिया राम जी सिंह एवं इचाक मुखिया शशि कुजूर ने ग्रामीणों को गांव के नवाचारों, पारंपरिक ज्ञान के दस्तावेजीकरण और अनूठे अनुभवों व परंपराओं को सुरक्षित व प्रोत्साहित करने के लिए प्रेरित किया. नीलांबर-पीतांबर विश्वविद्यालय की नोडल अधिकारी डॉ संगीता कुजूर ने टीम को गांव में समन्वय के साथ कार्य करने की बात कही. इस दौरान अतिथियों ने फलदार पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया. फरार आरोपी के घर पुलिस ने चिपकाया इस्तेहार
लातेहार. सदर थाना कांड संख्या 228/22 के प्राथमिकी अभियुक्त प्रमोद सिंह (खजुरी, पांकी, पलामू) के घर न्यायालय के आदेश पर इस्तेहार चिपकाया गया है. आरोपी प्रमोद सिंह काफी दिनों से फरार चल रहा है. मामले को देखते हुए लातेहार पुलिस अवर निरीक्षक आरके गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने ग्रामीणों और परिजनों की मौजूदगी में उसके घर पर इस्तेहार तामिला किया. इस दौरान सब इंस्पेक्टर गुप्ता ने परिजनों और ग्रामीणों को हिदायत दी कि आरोपी प्रमोद सिंह अविलंब न्यायालय में हाजिर हो. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस्तेहार के बाद भी यदि आरोपी आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो प्रशासन द्वारा आगे की कानूनी कार्रवाई की जायेगी.