एसपी ने किया कई पिकेट का निरीक्षण
एसपी ने किया कई पिकेट का निरीक्षण
लातेहार. पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने बुधवार को क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आईआरबी-4 कोने पिकेट एवं जैप-7 ओरिया पिकेट का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान पिकेट की सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि सुरक्षा में किसी प्रकार की चूक नहीं होनी चाहिए. उन्होंने हमेशा अलर्ट मोड में रहने की बात कही. एसपी ने संतरी पोस्टों और जवानों की सतर्कता की समीक्षा की. कहा कि नागरिक सुरक्षा हमारी जवाबदेही है. इसके अलावा खुद की सुरक्षा भी आवश्यक है. उन्होंने मौके पर उपस्थित पुलिस पदाधिकारियों एवं जवानों को वर्तमान सुरक्षा चुनौतियों के मद्देनजर हमेशा अलर्ट रहने तथा सुरक्षा संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. साथ ही जवानों के अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी जायजा लिया. लातेहार पुलिस क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. नारी शक्ति आजीविका संकुल समिति की आम सभा हुई
बरवाडीह. प्रखंड मुख्यालय स्थित कौशल भवन में बुधवार को नारी शक्ति आजीविका संकुल स्तरीय प्राथमिक स्वावलंबी सहकारिता समिति लिमिटेड की वार्षिक आम सभा आयोजित की गई. मुख्य अतिथि विधायक रामचंद्र सिंह ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया. सभा में बीते वित्तीय वर्ष का लेखा-जोखा प्रस्तुत करने के साथ भविष्य की कार्ययोजनाएं साझा की गईं. विधायक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक दर्जन से अधिक महिला संगठनों व कर्मियों को सम्मानित किया. विधायक ने कहा कि समाज में बदलाव के लिए महिलाओं की भागीदारी जरूरी है. आज महिला समूह ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बना रहे हैं. जिप सदस्य संतोषी शेखर ने कहा कि ग्रामीण महिलाएं आत्मनिर्भरता की राह पर तेजी से आगे बढ़ रही हैं. मौके पर उप प्रमुख बीरेंद्र जायसवाल, बीपीएम अरुण कुमार, विधायक प्रतिनिधि प्रेम सिंह पिंटू सहित कई गणमान्य व महिलाएं उपस्थित थीं.