लातेहार में SIR के तहत चुनावी पाठशाला की बैठक संपन्न, शत-प्रतिशत सत्यापन को लेकर हुई चर्चा

लातेहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण के तहत चुनावी पाठशाला की बैठक आयोजित। पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटि सुधार पर दिया गया विशेष जोर।

लातेहार: भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के तहत जिले के सभी प्रखंडों के विभिन्न मतदान केंद्रों पर बीएलओ की अध्यक्षता में बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों की तृतीय बैठक आयोजित की गई.

बैठक में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के उद्देश्यों, पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने, मृत एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने, प्रविष्टियों में त्रुटियों के सुधार तथा मतदाता सूची के शत-प्रतिशत सत्यापन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई.

साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए सभी संबंधितों को पुनरीक्षण कार्य में सक्रिय सहयोग देने का आह्वान किया गया. इसके अतिरिक्त बताया गया कि 1 अक्टूबर 2026 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले पात्र नागरिकों एवं मतदाता सूची में छूटे हुए योग्य नागरिकों से प्रपत्र-6 के माध्यम से दावा प्राप्त किया जाएगा तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.

बैठक के दौरान बीएलओ द्वारा बीएलए-2 एवं चुनाव पाठशाला के सदस्यों को घर-घर सत्यापन अभियान में सहयोग करने, योग्य नागरिकों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, आवश्यक प्रपत्रों के सही एवं समयबद्ध निष्पादन तथा आम मतदाताओं को जागरूक करने की अपील की गई.

उपायुक्त संदीप कुमार ने कहा कि मजबूत लोकतंत्र की नींव जागरूक एवं सक्रिय मतदाता होते हैं. उन्होंने जिले के सभी पात्र मतदाताओं से अपील किया है कि वे भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित समय-सीमा के भीतर अपना एन्यूमरेशन फॉर्म अनिवार्य रूप से भरें तथा अपने परिवार, पड़ोस एवं आसपास के अन्य पात्र मतदाताओं को भी फॉर्म भरने में सहयोग करें.

उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी से ही शुद्ध, त्रुटिरहित एवं समावेशी मतदाता सूची का निर्माण संभव है, जो लोकतंत्र को और अधिक सशक्त बनाएगा.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >