विशेष ग्राम सभा से होगा पशुधन विकास योजना के लाभुकों का चयन

मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना एवं गव्य प्रक्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं में लाभुकों का चयन अब विशेष ग्राम सभा से होगा.

चंदवा. मुख्यमंत्री पशुधन विकास योजना एवं गव्य प्रक्षेत्र से संबंधित विभिन्न योजनाओं में लाभुकों का चयन अब विशेष ग्राम सभा से होगा. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी चंदन प्रसाद ने आदेश जारी किया है. लाभुकों के चयन के लिए विशेष ग्राम सभा की तिथि निर्धारित की है. उपायुक्त के निर्देश पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में बकरा विकास योजना, सुकर विकास योजना, प्रायलर व बैकयार्ड लेयर कुक्कुट पालन योजना, बत्तख चूजा वितरण योजना समेत दुधारू गाय-भैंस पालन, वर्मी कम्पोस्ट यूनिट, डीप बोरिंग, काउ मैट, हस्त चालित व विद्युत चालित चैप कटर, मिल्किंग मशीन व खोवा-पनीर मेकिंग मशीन जैसी योजनाओं में लाभुकों का चयन ग्राम सभा के माध्यम से करने की बात कही है. सभी पंचायत में दो अक्तूबर को मुखिया की अध्यक्षता में पंचायत सचिवालय में विशेष ग्राम सभा आयोजित होंगी. इसके बाद चयनित लाभुक 11 अक्तूबर तक पशुपालन कार्यालय में आवेदन जमा करेंगे.

दुर्गा पूजा को लेकर रक्षक बारकोड लगाया गया

महुआडांड़. प्रखंड के चटकपुर दुर्गा मंदिर परिसर का थाना प्रभारी मनोज कुमार ने दौरा कर रक्षक बारकोड लगाया. दुर्गा पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने पूजा समिति एवं समाज के प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शांति और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई निर्देश दिया. थाना प्रभारी श्री कुमार ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जायेगी और किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद उत्पन्न होने पर तुरंत पुलिस प्रशासन को सूचना देने की बात कही. उन्होंने समिति के पदाधिकारियों से कहा कि पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराना सभी की जिम्मेदारी है. उन्होंने आगे बताया कि रक्षक बारकोड लगाने से सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी अधिक सुदृढ़ होगी तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई संभव होगी. मौके पर समाज के अध्यक्ष शत्रुघ्न प्रसाद, पूजा समिति अध्यक्ष रूपेश कुमार, राहुल कुमार, लक्ष्मी कुमार, बिलपत, संजय प्रसाद व मंदिर के पुजारी ओमकार पाठक समेत कई लोग उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: DEEPAK

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >