लातेहार ़ प्रखंड मुख्यालय से 15 किलोमीटर दूर पोचरा पंचायत के माराबार गांव स्थित टेंगरा पत्थर टोला में शनिवार को जितनी देवी (55) अपने घर में पैर फिसलने से गिर पड़ीं. जिससे उसका दाहिना पैर टूट गया. इस दुर्घटना के बाद परिजनों ने इलाज के लिए एंबुलेंस बुलाने की कोशिश की तो उन्हें बताया गया कि सड़क की दुर्दशा के कारण वाहन उस क्षेत्र तक नहीं पहुंच सकता है. मजबूर होकर महिला के पुत्र संदीप उरांव और कुलदीप उरांव ने ग्रामीणों की मदद से बांस की बंहगी बनाकर घायल मां को अस्पताल ले जाने का निर्णय लिया. गांव से करीब छह किलोमीटर तक उबड़-खाबड़ रास्ते से गुजरते हुए ग्रामीण महिला को सदर अस्पताल लातेहार ले जाने के लिए निकले. इस दौरान उन्हें कई बार रुककर आराम करना पड़ा. ग्रामीणों ने बताया कि क्षेत्र में वर्षों से सड़क और चिकित्सा सुविधा की मांग की जा रही है. लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है. स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से गुहार लगायी है कि जल्द से जल्द सड़क निर्माण और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्था की जाये ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में ग्रामीणों को इस तरह की कठिनाई का सामना नहीं करना पड़े. छात्र नेता रमेश उरांव ने जिला प्रशासन से उक्त टोला में सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बहाल करने की मांग की है.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
