चंदवा. जमीरा पंचायत के चतरो गांव में रविवार को ग्राम प्रधान धुजू गंझू की अध्यक्षता में ग्रामीणों की बैठक हुई. बैठक में पिछले दिनों ग्राम सभा के माध्यम से पेसा नियमावली की कंडिका-13 के तहत कोषाध्यक्ष और सहायक सचिव के चयन पर ग्रामीणों ने आपत्ति जतायी.
बिना सूचना ग्राम सभा कराने का आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि उक्त पदों के चयन के लिए ग्राम सभा की बैठक की सूचना स्थानीय लोगों को नहीं दी गयी थी. कुछ लोगों ने अपने स्तर से निर्णय लेकर ग्राम सभा आयोजित कर कोषाध्यक्ष और सहायक सचिव का चयन कर लिया. ग्रामीणों ने इसे पेसा नियमावली का उल्लंघन बताते हुए चयन प्रक्रिया को फर्जी करार दिया.
चयन रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग
ग्रामीणों ने चयन को रद्द कर पुनः चुनाव कराने की मांग की. उनका कहना था कि पर्याप्त सूचना दिये बिना ग्राम सभा आयोजित कर किसी पदधारी या प्रतिनिधि का चयन करना नियमसंगत नहीं है. ग्रामीणों ने मामले को लेकर बीडीओ को आवेदन देने की बात कही.
बैठक में रामचंद्र गंझू, मनमोहन गंझू, उमेश गंझू, नागेश्वर गंझू समेत दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे.
