लातेहार ़ वन्य जीव प्रभाग के तत्वावधान में शनिवार को वन्य प्राणी सप्ताह के तहत स्कूली बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली. प्रभात फेरी की शुरुआत डीएफओ कार्यालय परिसर से की गयी, जो मुख्य मार्ग से होते हुए चेकनाका स्थित वन क्षेत्र पदाधिकारी के कार्यालय तक पहुंची. प्रभात फेरी के माध्यम से लोगों को वन्य जीवों की सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया. बच्चों ने जीवों का न करें संहार, धरती मां की यही पुकार, हमने यह ठाना है, जीवों को बचाना है, जैसे नारे लगाते हुए रैली निकाली. डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने बताया कि प्रत्येक वर्ष दो से आठ अक्तूबर तक वन्य प्राणी सप्ताह मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य लोगों को वन्य जीवों की महत्ता से अवगत कराना है. उन्होंने कहा कि मधुमक्खी जैसे छोटे प्राणियों से लेकर बड़े वन्य जीव तक, सभी का पारिस्थितिक संतुलन बनाये रखने में समान योगदान है. वन क्षेत्र पदाधिकारी नंदकुमार मेहता ने कहा कि सभी को वन्य जीवों की रक्षा करनी चाहिए, क्योंकि वन संपदा हमारी अनेक आवश्यकताओं की पूर्ति करती है. सामाजिक वानिकी वन प्रमंडल पदाधिकारी अजित सिंह ने बताया कि वन्य प्राणी सप्ताह के दौरान स्वच्छता अभियान, चित्रांकन, क्विज, पेंटिंग और निबंध प्रतियोगिताएं स्कूली बच्चों के बीच आयोजित की जायेगी. मौके पर रस्साकशी प्रतियोगिता भी आयोजित की गयी, जिसमें वन प्रमंडल प्रादेशिक लातेहार की टीम विजेता और सामाजिक वानिकी वन प्रमंडल लातेहार की टीम उपविजेता रही. दोनों टीमों को डीएफओ प्रवेश अग्रवाल ने सम्मानित किया. मौके पर दुर्गा दत्त पाठक, आशीष झा, श्याम नारायण प्रसाद, राजेश प्रजापति, शनि ठाकुर, वनकर्मी, वनरक्षी, स्कूली बच्चे और वन सुरक्षा समिति के सदस्य उपस्थित थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
