श्रीरामनवमी की तैयारियां पूरी, महावीरी झंडों व पताकों से पटा शहर-गांव
श्रीरामनवमी की तैयारियां पूरी, महावीरी झंडों व पताकों से पटा शहर-गांव
By SHAILESH AMBASHTHA | Updated at :
चंदवा. प्रखंड मुख्यालय सहित ग्रामीण क्षेत्रों में रामनवमी की तैयारियां पूरी कर ली गयीं हैं. पूरा क्षेत्र महावीरी झंडों और पताकों से पट गया है. परंपरा के अनुसार कुजरी, कामता व अलौदिया से निकलने वाली शोभायात्राएं महावीर स्थल और सुभाष चौक पर मिलान के बाद देवी मंडप पहुंचेंगी. देवी मंडप पूजा समिति के अध्यक्ष हरिनंदन दुबे ने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद व पेयजल की समुचित व्यवस्था है. हिंदू उत्सव समिति के अध्यक्ष विकास मित्तल ने बताया कि रामभक्तों के लिए शीतल पेय, तिलक और 8500 लड्डुओं के महाप्रसाद का वितरण होगा. इस वर्ष अलौदिया की चलंत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र होगी, जिसमें कलाकार भ्रमण कर अपनी प्रस्तुति देंगे. इसके अलावा कंचन नगरी, सरोज नगर और पंचमुखी हनुमान मंदिर से भी भव्य झांकियां निकाली जायेंगी. उत्सव को लेकर हरैया और शुक्रबाजार में भी खासा उत्साह है. युवा भारत की पहल पर निकाली गयी भव्य बाइक शोभा यात्रा
चंदवा़ रामनवमी को लेकर राम भक्तों ने गुरुवार दोपहर बाद भव्य बाइक शोभा यात्रा निकाली. कार्यक्रम का नेतृत्व युवा भारत कर रही थी. महावीरी झंडा लेकर रामभक्त श्रीराम का जयघोष करते चल रहे थे. कार्यक्रम की शुरुआत स्थानीय खेल स्टेडियम परिसर से हुई. यहां शहर के अलावे ग्रामीण इलाके से लोग जमा हुए थे. जय श्रीराम का जयघोष करते पूरे शहर का भ्रमण करते लोग हरैया होते शुक्र बाजार स्थित हनुमान मंदिर पहुंचे. यहां से भुसाड़ होते लोग नगर मोड़ तक गये. यहां सामूहिक हनुमान चालिसा पाठ के बाद लोग वापस कंचन नगरी पहुंचे. यहां बाइक शोभा यात्रा संपन्न हुई. बाइक शोभा यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन चुस्त दिखा़ पुलिस भी बाइक पर साथ-साथ चल रही थी. विभिन्न चौक-चौराहो पर भी पुलिस बल की तैनाती की गयी थी.