चंदवा़ एक्सप्रेस ट्रेन में दरवाजे के समीप खड़े होकर सफर करना एक किशोर के लिए जानलेवा साबित हो गया. घटना बुधवार देर शाम की है. हटिया-आनंद विहार (02887) स्पेशल ट्रेन से सफर कर रहा एक किशोर अचानक बरकाकाना-बरवाडीह रेलखंड अंतर्गत महुआमिलान रेलवे जंक्शन के समीप अप रेल लाइन पर पोल संख्या 179/3 के समीप नीचे गिर गया. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. उसकी पहचान सूर्या तिर्की (15 वर्ष) पिता चार्ल्स तिर्की (कोकर, रांची) के रूप में की गयी. घटना के बाद घायल के पिता चार्ल्स तिर्की ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रोकी. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को लेकर तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चंदवा पहुंचे. यहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. जानकारी के अनुसार सूर्या तिर्की अपने पिता के साथ उक्त ट्रेन से दिल्ली जा रहा था. इसी दौरान सूर्या ट्रेन के दरवाजा के समीप गया था. अचानक वह एक झटके से नीचे गिर गया. घटना की सूचना के बाद टोरी आरपीएफ की टीम भी चंदवा सीएचसी पहुंची. मामले की जानकारी प्राप्त की. गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया. इस दुर्घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मोहल्ले में मातम है़
हटिया-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन से गिरा कोकर रांची का किशोर, इलाज के दौरान मौत
हटिया-आनंद विहार स्पेशल ट्रेन से गिरा कोकर रांची का किशोर, इलाज के दौरान मौत
