चंदवा,लातेहार: डेढ़टंगवा घाटी में शनिवार की दोपहर बाद हुई भीषण सड़क दुर्घटना में छह लोगों की मौत पर भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने गहरा दुख प्रकट किया है. उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मृतकों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित की तथा शोकाकुल परिजनों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की.
मुआवजे और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की मांग
प्रतुल शाहदेव ने राज्य सरकार से मांग की है कि इस दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को उचित मुआवजा दिया जाए. इसके साथ ही उन्होंने दुर्घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था, गति नियंत्रण, संकेतक (साइन बोर्ड) और सुरक्षा मानकों की तत्काल समीक्षा कर प्रभावी कदम उठाने की अपील की.
भारी वाहनों पर नियंत्रण की अपील
भाजपा के मुख्य प्रवक्ता ने कहा कि चंदवा और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में डंपर और भारी वाहनों के अनियंत्रित परिचालन के कारण अक्सर दुर्घटनाएं हो रही हैं. उन्होंने लातेहार पुलिस से इस दिशा में ध्यान देते हुए ठोस और सार्थक पहल करने की मांग की है.
