जंगली हाथी के गांव में प्रवेश करने से दहशत

जंगली हाथी के गांव में प्रवेश करने से दहशत

महुआडांड़. प्रखंड क्षेत्र में एक जंगली हाथी के प्रवेश से मंगलवार की शाम बोड़ाकोना गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. हाथी देखे जाने की सूचना मिलते ही ग्रामीणों में दहशत फैल गया और लोग अपने घरों से निकलकर सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे. जानकारी के अनुसार बीते कई दिनों से अकेला हाथी क्षेत्र में घूम रहा है. जिससे ग्रामीणों में लगातार भय बना हुआ है. मंगलवार को हाथी ने बोड़ाकोना गांव में प्रवेश कर खेतों में लगे गेहूं की फसल को रौंद दिया. जिससे किसानों को काफी नुकसान उठाना पड़ा है. घटना के बाद प्रभावित ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजा की मांग की है. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को गांव से बाहर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया. हाथी के टोंगरी कुरो क्षेत्र की ओर बढ़ने की खबर के बाद करीब 200 ग्रामीण एकत्रित हो गये. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर आग जलाकर निगरानी शुरू कर दी. वन विभाग की टीम भी पूरी रात सतर्क रहकर हाथी को सुरक्षित तरीके से जंगल की ओर खदेड़ने में जुटी रही. पेड़ से टकरायी बाइक, घायल रिम्स रेफर

बालूमाथ़ रांची-चतरा मुख्य पथ पर बालूमाथ थाना अंतर्गत टमटमटोला गांव के समीप बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल की पहचान असमी कुमार पिता टुनू सिंह (ग्राम मकरा, बारियातू) के रूप में की गयी. असमी मकरा स्थित अपने घर से बालूमाथ जा रहा था. इसी दौरान टमटमटोला के समीप उसकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से जा टकरायी. इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को बालूमाथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया. यहां डॉ अलीशा टोप्पो ने उसका प्राथमिक उपचार किया. युवक की स्थिति को गंभीर देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >