पलामू टाइगर रिजर्व में भारी बारिश से नदियां उफान पर, जनजीवन प्रभावित

पलामू टाइगर रिजर्व में मूसलाधार बारिश से नदियां उफान पर हैं। किसानों को राहत मिली है, लेकिन पर्यटन स्थल और सड़कें जलमग्न होने से जनजीवन पूरी तरह प्रभावित है।

बेतला नेशनल पार्क से संतोष कुमार की रिपोर्ट लातेहार. पलामू टाइगर रिजर्व (पीटीआर) क्षेत्र में मानसून की इस सीजन में पहली बार भारी बारिश दर्ज की गयी है. गुरुवार रात से शुरू हुआ बारिश का सिलसिला शुक्रवार सुबह तक लगातार जारी रहा. इस मूसलाधार बारिश के कारण पूरा इलाका जलमग्न हो गया है. क्षेत्र की प्रमुख नदियां औरंगा, कोयल और बूढ़ा नदी सहित सभी नदी-नाले उफान पर हैं, जिससे आम जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है. लगातार हो रही बारिश की वजह से सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा और लोग घरों में ही दुबके रहे.

किसानों को मिली बड़ी राहत, खेती के कार्यों में आई तेजी

इस भारी बारिश ने भीषण गर्मी और सूखे से परेशान किसानों को बड़ी राहत दी है. लंबे समय से बारिश न होने के कारण किसान जैसे-तैसे धान की रोपाई कर रहे थे, और कई खेतों में दरारें पड़ गयी थीं. अब बारिश होने से किसानों के चेहरे खिल उठे हैं और वे जोर-शोर से धान की रोपनी के काम में जुट गये हैं.

बेतला नेशनल पार्क के जलाशय लबालब, जानवरों को मिली राहत

बेतला नेशनल पार्क के भीतर स्थित सभी जलाशय पानी से पूरी तरह लबालब भर गए हैं. इससे वन्यजीवों के लिए पीने के पानी की पर्याप्त उपलब्धता हो गयी है. पानी के संकट दूर होने से जंगली जानवरों में भी अनुकूल माहौल देखा जा रहा है. हालांकि, इस भारी बारिश के कारण जंगल के अंदर की कई कच्ची सड़कें बुरी तरह खराब हो गयी हैं.

केचकी संगम तट पर भयावह स्थिति, पर्यटन स्थल डूबा

झारखंड के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल केचकी में औरंगा और कोयल नदी के संगम पर स्थिति काफी भयावह हो गयी है. दोनों नदियों का जलस्तर अत्यधिक बढ़ने से संगम तट पर बने रेस्ट हाउस, कैंटीन और कैफे के अंदर पानी प्रवेश कर गया है. पूरा पर्यटन परिसर जलमग्न हो चुका है.

बेतला-गारू मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरने से यातायात बाधित

भारी बारिश के चलते बेतला-गारू मुख्य मार्ग पर बक्सा मोड़ के पास एक विशाल पेड़ सड़क पर गिर गया. पेड़ गिरने से इस मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप हो गया है. स्थानीय ग्रामीण और राहगीर खुद ही सड़क से पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास में जुटे हुए हैं.

ये भी पढ़ें: मेदिनीनगर में कोयल नदी ने लिया विकराल रूप , खतरे के निशान पर पहुंचा जलस्तर, कोयल रिवर फ्रंट पानी में समाया.

पलामू टाइगर रिजर्व की कई सड़क बहे

चुंगरू पंचायत अंतर्गत लाभर से नावाडीह मुख्य सड़क बह गया है.संपर्क टूटने से आवागमन प्रभावित हो गयी है. छिपादोहर में भी सड़क बह गया है. बेतला के पास कुटमू गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर गिर गया. हालांकि उसे समय बिजली प्रवाहित नहीं हो रही थी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By विकाश नाथ

26 साल से पत्रकारिता के क्षेत्र में कार्यरत हूं. रिपोर्टिंग के साथ डेस्क का काम करने भी अनुभव प्राप्त है. खेल डेस्क में भी काम करने का अनुभव है. रुरल के संस्करणों को देखता हूं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >