जनप्रतिनिधियों के उठाये मुद्दों पर संवेदनशील होकर कार्य करें अधिकारी : सांसद

जनप्रतिनिधियों के उठाये मुद्दों पर संवेदनशील होकर कार्य करें अधिकारी : सांसद

लातेहार ़ जिला समाहरणालय में सोमवार को चतरा सांसद कालीचरण सिंह की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की समीक्षा बैठक हुई. इसमें सांसद ने प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना (डीएमएफटी), जिला अनाबद्ध निधि और सीएसआर मद से संचालित विभिन्न विकास कार्यों का ऑनलाइन उद्घाटन किया. खेल सामग्री खरीद में गड़बड़ी पर शिक्षक निलंबित : बैठक में उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता ने पिछली बैठक के निर्देशों पर हुए कार्यों का प्रेजेंटेशन दिया. समीक्षा के दौरान शिक्षा विभाग में खेल सामग्री की खरीद में अनियमितता की पुष्टि होने पर संबंधित शिक्षकों को निलंबित करने की जानकारी दी गयी. सांसद ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जायेगा. इसके अलावा, नवसृजित प्रखंड सरयू को अंचल का दर्जा दिलाने और डिजिटल इंडिया के तहत पंचायतों को इंटरनेट से जोड़ने की प्रगति पर भी चर्चा की गयी. समय पर पूरी हों जलापूर्ति योजनाएं : जल जीवन मिशन की समीक्षा करते हुए सांसद ने ग्रामीण क्षेत्रों में जलापूर्ति की समस्याओं पर नाराजगी जतायी. उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यपालक अभियंता को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन समय पर सुनिश्चित करें ताकि ग्रामीणों को शुद्ध पेयजल मिल सके. साथ ही वन विभाग को सड़कों के किनारे आम, जामुन, नीम और शीशम के पौधे लगाने का निर्देश दिया गया. विधायक व जनप्रतिनिधियों ने उठाये मुद्दे : बैठक में लातेहार विधायक प्रकाश राम और मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने जनहित की कई महत्वपूर्ण योजनाएं रखीं. सांसद ने अधिकारियों से कहा कि जनप्रतिनिधियों द्वारा उठाये गये मुद्दों पर त्वरित कार्रवाई करें. बैठक में कृषि विभाग, पशुपालन, स्वास्थ्य, विद्युत, पंचायत राज, ग्रामीण विकास, आपूर्ति विभाग, समेकित बाल विकास विभाग, नगर पंचायत, सामाजिक सुरक्षा विभाग, शिक्षा विभाग, सड़क मरम्मतीकरण, जल जीवन मिशन, एसबीएम, पुल निर्माण, नियमित जलापूर्ति, अवैध खनन पर किये जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा कर आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिये गये. मौके पर ये थे मौजूद : मौके पर लातेहार विधायक प्रकाश राम, मनिका विधायक रामचन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव, डीएफओ प्रवेश अग्रवाल, जिप अध्यक्ष पूनम देवी, परियोजना निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, एसी रामा रविदास, निदेशक डीआरडीए प्रभात रंजन चौधरी, एसडीओ अजय कुमार रजक व बिपिन कुमार दुबे समेत कई अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shailesh ambashtha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >