लातेहार: शहर के सरस्वती विद्या मंदिर में राष्ट्रीय छात्र पर्यावरण प्रतियोगिता (एनएसपीसी) 2026 के तहत ऑनलाइन क्विज में बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. विद्यालय के विद्यार्थियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता दिखाते हुए प्रतियोगिता में उत्साह के साथ हिस्सा लिया. एनएसपीसी ऑनलाइन क्विज के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण, प्रकृति संरक्षण और सतत विकास से जुड़े विभिन्न विषयों की जानकारी मिली. साथ ही उन्हें पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का अवसर भी मिला.
पर्यावरण के प्रति जागरूकता महत्वपूर्ण
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रमाण-पत्र और सम्मान प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाया गया. विद्यार्थियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार ने खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी. इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य उत्तम कुमार मुखर्जी ने कहा कि विद्यार्थियों में पर्यावरण के प्रति जागरूकता विकसित करना समय की महत्वपूर्ण जरूरत है. उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयासों के जरिये विद्यार्थी प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं. विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए पर्यावरण संरक्षण के संदेश ‘वृक्ष लगाओ, पृथ्वी बचाओ’ को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया.
