लातेहार. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर को भाजपा कार्यकर्ताओं और मोदी समर्थकों ने जिला मुख्यालय के विभिन्न मंदिरों में "मोदी के नाम एक दिया एवं आशीर्वाद" कार्यक्रम आयोजित किया. इस दौरान कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने मंदिरों में दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु और सुखमय जीवन की कामना की.
देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मंदिरों में दीप जलाकर उन्हें आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी गईं. कार्यक्रम के संयोजक भाजपा जिला उपाध्यक्ष राकेश कुमार दुबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान और स्नेह व्यक्त किया गया.
कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखा गया. महिलाओं ने भी कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और दीप जलाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं. शहर के श्री वैष्णो देवी दुर्गा मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, जुबली चौक स्थित संकट मोचन भवानी दुर्गा मंदिर, थाना चौक और अंबाकोठी के देवी मंडप समेत राजहार स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में भी लोगों ने दीप जलाए और पूजा-अर्चना की. कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष महेश सिंह, गोविंद प्रसाद, विष्णु गुप्ता, वंशी यादव, पंकज यादव, मुकेश पांडेय, ध्रुव कुमार पांडेय, अश्विनी सिंह, अमर विश्वकर्मा, रमेश प्रसाद गुप्ता, गया प्रसाद और सुकन्या देवी समेत कई लोग मौजूद थे.
