लातेहार. जिला समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक हुई. इसमें मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, एएनसी, एनसीडी स्क्रीनिंग, पेंटा-1 व पेंटा-3 कवरेज, ओपीवी-1, एमटीसी की कार्यप्रणाली और स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध सुविधाओं की समीक्षा की गयी.
गर्भवती महिलाओं का समय पर हो एएनसी पंजीकरण
उपायुक्त ने सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीकरण, आवश्यक जांच और नियमित फॉलोअप सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई की जायेगी. स्वास्थ्य व्यवस्था में शीघ्र सुधार लाने का भी निर्देश दिया गया. एमटीसी में कुपोषित बच्चों के समुचित उपचार और देखभाल पर विशेष ध्यान देने को कहा.
हाइपरटेंशन-डायबिटीज की समय पर हो पहचान
उपायुक्त ने कहा कि एनसीडी स्क्रीनिंग के तहत हाइपरटेंशन, डायबिटीज, कैंसर समेत अन्य बीमारियों की समय पर पहचान और उपचार जरूरी है. सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी अर्ली ऑनसेट केस की समय पर पहचान सुनिश्चित करें. जांच में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने का निर्देश दिया गया.
बैठक में प्रखंडवार सर्पदंश और कुत्ता काटने के मामलों की भी समीक्षा हुई. उपायुक्त ने ऐसे मामलों में त्वरित उपचार के साथ आवश्यक दवाओं, एंटी-स्नेक वेनम और रैबीज संबंधी उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा.
मौके पर उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद, सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन, स्वास्थ्य विभाग के चिकित्सक, एमओआइसी और संबंधित अधिकारी मौजूद थे.
