बद्री प्रसाद की रिपोर्ट
लातेहार. सदर थाना क्षेत्र के दुगिला गांव निवासी 31 वर्षीय कपिलदेव उरांव ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली. घटना बुधवार देर शाम की बतायी जा रही है. मृतक कपिलदेव उरांव डॉ शनिचर उरांव के पुत्र थे. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के चचेरे भाई रिंकू उरांव ने बताया कि बीते कुछ दिनों से कपिलदेव का अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी. इसके बाद उनकी पत्नी मायके चली गयी थी.
मानसिक रूप से परेशान था युवक
पत्नी के मायके जाने के बाद से कपिलदेव मानसिक रूप से परेशान रहने लगे थे. बुधवार की शाम परिजनों को सूचना मिली कि कपिलदेव ने जहर खा लिया है. परिजन तत्काल उन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. गुरुवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया. सदर पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
