उपायुक्त संदीप कुमार ने किया सम्मानित, 2021 में भी मिल चुका है झारखंड राजकीय शिक्षक सम्मान
बालूमाथ, लातेहार : शिक्षक दिवस के अवसर पर राजकीयकृत प्लस टू उच्च विद्यालय की प्राचार्या रूबी बानो को शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान, समर्पण एवं शैक्षणिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए उपायुक्त संदीप कुमार ने सम्मानित किया. इससे पूर्व वर्ष 2021 में भी उन्हें झारखंड राजकीय शिक्षक सम्मान मिल चुका है.
रूबी बानो ने वर्ष 2010 में उक्त विद्यालय में शिक्षक के रूप में योगदान दिया था. उन्होंने विद्यार्थियों की शैक्षणिक प्रगति, अनुशासन और विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किया. जनवरी 2020 में उन्हें विद्यालय की प्राचार्या का दायित्व सौंपा गया.
विद्यार्थियों की सफलता में योगदान
प्राचार्या के रूप में रूबी बानो ने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया. उनके प्रयासों का परिणाम विभिन्न परीक्षाओं में विद्यालय के विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलता के रूप में सामने आया. कई परीक्षाओं में विद्यार्थियों ने बेहतर प्रदर्शन किया है.
रूबी बानो को सम्मान मिलने से विद्यालय परिवार में हर्ष का माहौल है. शिक्षकों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई दी. शिक्षकों ने कहा कि उनका सम्मान ईमानदारी, मेहनत और समर्पण के साथ कार्य करने वाले शिक्षकों के लिए प्रेरणादायक है.
