लातेहार: जिले के किसानों द्वारा उत्पादित प्रसिद्ध जीराफूल चावल को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सोमवार को समाहरणालय परिसर से 6.70 मीट्रिक टन चावल लदा वाहन गुड़गांव, दिल्ली के लिए रवाना किया गया. उपायुक्त संदीप कुमार, उप विकास आयुक्त सैय्यद रियाज अहमद और डीपीएम जेएसएलपीएस संतोष कुमार ने हरी झंडी दिखाकर वाहन को रवाना किया.
यह भी पढ़ें: Latehar News: बेतला में 1500 से घटकर सिर्फ 68 बाइसन बचे, इनब्रीडिंग और घटते चरागाह से अस्तित्व पर संकट
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये भेजा गया चावल
यह चावल महुआडांड़ एफपीसी के माध्यम से किसानों से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिये भेजा गया है. इस पहल में जिला प्रशासन, लातेहार और डीएमएफटी फंड का सहयोग प्राप्त हुआ है.
किसानों को मिलेगा बेहतर बाजार
जिला प्रशासन का उद्देश्य स्थानीय किसानों के उत्पाद को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना, उनकी आय बढ़ाना और लातेहार के जीराफूल चावल को व्यापक पहचान दिलाना है. प्रशासन के अनुसार, यह पहल कृषि आधारित आजीविका को बढ़ावा देने और स्थानीय उत्पादों के मूल्यवर्धन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.
इससे किसानों को अपने उत्पाद के लिए बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की उम्मीद है.
