लातेहार ़ जिला मुख्यालय में शनिवार को प्रकृति का महापर्व सरहुल पारंपरिक उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया. मुख्य समारोह का आयोजन वासाओड़ा में हुआ, जहां प्रखंड के विभिन्न क्षेत्रों से आयी 70 से अधिक अखड़ा समितियों ने अपनी कला और संस्कृति का प्रदर्शन किया. शोभायात्रा की शुरुआत वासाओड़ा से हुई, जो शहर के मुख्य पथ, थाना चौक और बाजारटांड़ होते हुए उरदा टांड़ (रेहड़ा) पहुंची और पुनः मुख्य स्थल पर संपन्न हुई. पूरा शहर जय सरना के नारों और मांदर की गूंज से सराबोर रहा. प्रशासनिक अधिकारियों ने बजाया मांदर : कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उपायुक्त उत्कर्ष गुप्ता, विशिष्ट अतिथि एसपी कुमार गौरव, पूर्व शिक्षा मंत्री बैद्यनाथ राम, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मडकी व सहायक अभियंता प्रदीप सिंह का स्वागत पारंपरिक पगड़ी और शॉल भेंट कर किया गया. इस दौरान एक अद्भुत नजारा दिखा जब उपायुक्त और एसपी खुद को रोक नहीं पायें और मांदर की थाप पर ग्रामीणों के साथ जमकर थिरके. उपायुक्त श्री गुप्ता ने कहा कि सरहुल केवल पर्व नहीं, बल्कि जल, जंगल और जमीन के प्रति हमारी कृतज्ञता का प्रतीक है. उन्होंने पर्यावरण संतुलन बनाये रखने के लिए प्रत्येक ग्रामीण से अपने घर, गांव या अखड़ा में कम से कम एक-एक पौधा लगाने की अपील की. प्रकृति से जुड़ाव ही जीवन है : एसपी : एसपी कुमार गौरव ने कहा कि प्रकृति के साथ तालमेल बिठाकर रहना आज की सबसे बड़ी जरूरत है. प्रकृति से छेड़छाड़ के कारण ही वर्षा चक्र प्रभावित हो रहा है. पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम ने कहा कि सरहुल हमारी गौरवशाली संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है. सरना समिति के सचिव बिरसा मुंडा ने इसे खेती और सुख-समृद्धि से जुड़ा पर्व बताया. कार्यक्रम का सफल मंच संचालन रंथु उरांव ने किया. मौके पर आइटीडीए निदेशक प्रवीण कुमार गगराई, एसडीएम अजय कुमार रजक, जिप सदस्य विनोद उरांव, डीआरडीए डायरेक्टर प्रभात रंजन चौधरी, कार्यपालक अभियंता पुनई उरांव, भूमि संरक्षण पदाधिकारी विवेक मिश्र, समिति अध्यक्ष पहलू उरांव, जिप सदस्य विनोद उरांव, आशा देवी, सुकू उरांव, रंजीत यादव, राजकिशोर उरांव समेत काफी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे. सेवा शिविरों में हुआ भव्य स्वागत : शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर विभिन्न संगठनों और समाजसेवियों द्वारा सेवा स्टॉल लगाये गये थे. शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और आम लोगों के बीच चना, गुड़, शीतल पेयजल और बिस्कुट का वितरण किया गया. नगरवासियों ने बढ़-चढ़कर शोभायात्रा का स्वागत किया. चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद रही पुलिस : सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही. एसपी के निर्देश पर जिले के सभी संवेदनशील स्थानों और थाना क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी थी. शहर में थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिन्हा खुद सुरक्षा की कमान संभाले नजर आयें.
सखुआ के फूलों से महका लातेहार, शोभायात्रा में दिखी आदिम संस्कृति की झलक
सखुआ के फूलों से महका लातेहार, शोभायात्रा में दिखी आदिम संस्कृति की झलक
