मध्यरात्रि में हुआ श्रीकृष्ण जन्मोत्सव, भजन-कीर्तन के साथ बारियातू में हुआ मटका फोड़ कार्यक्रम
चंदवा/बारियातू, लातेहार : शुक्रवार की रात चंदवा और बारियातू प्रखंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया. सुबह से ही श्रद्धालु पूजा की तैयारी में जुटे रहे. भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा, वस्त्र और झूले की खरीदारी को लेकर बाजार में दिनभर चहल-पहल रही. घरों में भी विशेष पूजा की तैयारी की गयी. बच्चों को भगवान श्रीकृष्ण और राधा रानी के बाल स्वरूप में सजाया गया.
चंदवा के बुध बाजार शिव मंदिर, ठाकुरबाड़ी हरैया, पंचमुखी हनुमान मंदिर, थाना टोली शिव मंदिर, बाबा विश्वनाथ मंदिर, गुलायची बाबा मंदिर, देवी मंडप मंदिर समेत अन्य मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही. रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव मनाया गया. लोगों ने सोहर गाये और श्रीकृष्ण के जयकारे लगाये. आरती के बाद महाप्रसाद का वितरण किया गया. बच्चों के बीच चॉकलेट बांटी गयी और कई स्थानों पर केक भी काटे गये. श्रद्धालुओं ने बाल श्रीकृष्ण को झूला झुलाकर लाड-प्यार किया. देर रात तक मंदिरों में भजन-कीर्तन चलता रहा.
बारियातू में भी दिखा उत्साह
उधर, बारियातू प्रखंड में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी धूमधाम से मनायी गयी. श्रीराम-जानकी मंदिर, विश्वकर्मा मंदिर समेत गाड़ी, डाढ़ा, फुलसू, बालूभांग, गोनिया, भाटचतरा, साल्वे, टोंटी और अमरवाडीह गांव के मंदिरों में कार्यक्रम हुए. मंदिरों को आकर्षक ढंग से सजाया गया था. श्रीकृष्ण की विधिवत पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की गयी.
श्रीराम-जानकी मंदिर में पंडित जनार्दन पांडेय और पुजारी पुरुषोत्तम शर्मा ने पूजा-अर्चना करायी. मंदिर परिसर में मटका फोड़ कार्यक्रम हुआ. इसमें बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. विभिन्न मंदिरों में देर शाम तक भजन-कीर्तन समेत धार्मिक कार्यक्रमों का दौर चलता रहा.
