लातेहार. जिला मुख्यालय में संचालित पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय लातेहार प्रबंध समिति की बैठक नामित अध्यक्ष सह अनुमंडल पदाधिकारी दिनेश कुमार की अध्यक्षता में हुई. बैठक में विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, आधारभूत सुविधाओं और छात्रों से जुड़ी जरूरतों पर चर्चा की गई.
सभी सदस्यों को पौधा भेंट कर सम्मानित
बैठक की शुरुआत में विद्यालय के प्राचार्य शैलेंद्र प्रताप सिंह ने समिति के सभी सदस्यों को पौधा भेंट कर सम्मानित किया. इसके बाद प्राचार्य ने बैठक के एजेंडे की जानकारी सदस्यों को दी. उन्होंने इस वर्ष मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में विद्यालय के छात्र-छात्राओं के प्रदर्शन और उपलब्धियों से भी समिति को अवगत कराया.
लेखन सामग्री तथा खेल सामग्री खरीदने का भी अनुमोदन
बैठक में विद्यालय में सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा कंप्यूटर लैब और पुस्तकालय के लिए एसी खरीदने की अनुमति प्रदान की गई. इसके अलावा विद्यालय के लिए फर्नीचर, पुस्तकालय के लिए नई पुस्तकें और विद्यालय भवन के मेंटेनेंस से जुड़े कार्यों को भी मंजूरी दी गई. पानी की टंकी के लिए तीन वाटर फिल्टर खरीदने, परीक्षा के लिए मुद्रित एवं लेखन सामग्री तथा खेल सामग्री खरीदने का भी अनुमोदन किया गया. इससे विद्यालय में छात्रों को बेहतर शैक्षणिक और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी.
ये भी पढ़ें: लातेहार : छात्रवृत्ति से लेकर पशुधन योजना तक की समीक्षा, उपायुक्त ने लंबित कार्य जल्द पूरा करने का दिया निर्देश
मेन रोड से विद्यालय परिसर तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था
बैठक में छात्रों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने पर भी विचार किया गया. इसके अलावा मेन रोड से विद्यालय परिसर तक स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कराने और एनएच-75 पर विद्यालय के प्रवेश द्वार के पास गतिरोधक बनवाने को लेकर भी चर्चा हुई. समिति के सदस्यों ने छात्रों की सुरक्षा और विद्यालय तक बेहतर आवागमन के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया. बैठक में समिति के सदस्य आशीष टैगोर, भवन निर्माण विभाग के कनीय अभियंता पंकज कुमार, सिविल सर्जन कार्यालय के प्रतिनिधि, शिक्षक प्रतिनिधि बालजिंदीर कौर देव, संत जेवियर स्कूल की प्राचार्या, अभिभावक सदस्य आभा एक्का और मनोज कुमार पवइया समेत कई लोग उपस्थित थे.
