रेल दुर्घटना टालने वाले कैरेज एंड वैगन विभाग के टेक्नीशियन शत्रुघ्न दास समेत 30 सम्मानित

भारतीय रेलवे बेहतर काम करने वाले अपने कर्मचारियों को सम्मानित कर उनका हौसला बढ़ाता है. इसी कड़ी में धनबाद रेल मंडल के डीआरएम ने कैरेज एंड वैगन विभाग के 30 लोगों को सम्मानित किया. इसमें टेक्नीशियन शत्रुघ्न सिन्हा भी शामिल हैं. उन्होंने रेल हादसा टालने में अहम भूमिका निभायी थी.

धनबाद रेल मंडल के डीआरएम अखिलेश मिश्र के द्वारा मंडल स्तरीय संरक्षा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन धनबाद मंडलीय कार्यालय भवन में किया गया. कार्यक्रम में रेल सुरक्षा एवं संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले धनबाद रेल मंडल के 30 कर्मियों को सम्मानित किया गया.

मार्च में शत्रुघ्न की तत्परता से टला था बड़ा हादसा

इसी क्रम में बरवाडीह के कैरेज एंड वैगन विभाग के टेक्निीशियन शत्रुघ्न दास को भी उत्कृष्ट कार्य एवं संभावित रेल दुर्घटना को टालने में अहम भूमिका निभाने के लिए सम्मानित किया गया. मार्च माह में ड्यूटी के दौरान शत्रुघ्न दास ने एक लॉन्ग हॉल मालगाड़ी के वैगन में एकर लिंक टूटा हुआ देखा. उन्होंने तत्परता दिखाते हुए इसकी तत्काल सूचना संबंधित अधिकारियों को दी, जिसके बाद मालगाड़ी को रोककर मरम्मत की गयी. उनकी सतर्कता के कारण एक बड़ा रेल हादसा टल गया था.

शत्रुघ्न बोले – डीआरएम के हाथों सम्मानित होना गौरव की बात

इसके बाद श्री दास को यह सम्मान दिया गया. सम्मान प्राप्त करने के बाद शत्रुघ्न दास ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि डीआरएम के हाथों सम्मानित होना उनके लिए गौरव की बात है. उन्होंने कहा कि इस प्रकार का सम्मान कर्मियों को बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है तथा हर कर्मचारी को नई ऊर्जा प्रदान करता है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >