चंदवा. झामुमो युवा मोर्चा के विस्तार को लेकर सोमवार को स्थानीय पथ निर्माण विभाग के विश्रामागार परिसर में बैठक हुई. अध्यक्षता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रंजीत उरांव ने की. बैठक में युवा मोर्चा की नयी प्रखंड कमेटी की घोषणा की गयी.
बबलू राही अध्यक्ष, शंकर टाना भगत सचिव
नयी कमेटी में बबलू राही को प्रखंड अध्यक्ष, अजय उरांव को उपाध्यक्ष, शंकर टाना भगत को सचिव और चंद्रदेव उरांव को संगठन सचिव बनाया गया. पार्टी के पदाधिकारियों ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को मनोनयन पत्र सौंपा. माला पहनाकर और मिठाई खिलाकर उन्हें बधाई दी गयी. साथ ही पार्टी हित में काम करने का आह्वान किया गया.
पंचायत और बूथ स्तर पर युवाओं को जोड़ने पर जोर
युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रंजीत उरांव ने नवनियुक्त पदाधिकारियों से पंचायत और बूथ स्तर पर युवाओं को संगठित कर पार्टी को मजबूत बनाने का आह्वान किया. युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी ने सभी पदाधिकारियों को 20 दिनों के भीतर पंचायत स्तर पर युवा मोर्चा की कमेटी गठित कर उसकी सूची जिला कमेटी को सौंपने का निर्देश दिया.
नवनियुक्त प्रखंड अध्यक्ष बबलू राही ने कहा कि संगठन ने जिस विश्वास के साथ उन्हें जिम्मेदारी सौंपी है, उस पर खरा उतरने का प्रयास करेंगे. उन्होंने कहा कि युवा साथियों को साथ लेकर संगठन को पंचायत से बूथ स्तर तक मजबूत करने का प्रयास किया जायेगा.
बैठक में झामुमो के जिला उपाध्यक्ष शीतमोहन मुंडा, प्रखंड अध्यक्ष मनोज चौधरी, मो. सरफराज, युवा मोर्चा जिला उपाध्यक्ष अंकित तिवारी के अलावा अनिल उरांव, संतोष गंझू, राजेश उरांव, संतोष उरांव, रौशन टाना भगत, सुनील कुमार, रविन्द्र यादव, तनवीर अंसारी, सज्जाद अंसारी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे.
