प्रदीप कुमार की रिपोर्ट हेरहंज (लातेहार). हेरहंज प्रखंड के सलैया पंचायत अंतर्गत जम्बुआ गांव में गुरुवार को फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. प्रतियोगिता में आसपास के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंची टीमों और खिलाड़ियों ने उत्साह के साथ हिस्सा लिया. टूर्नामेंट को लेकर स्थानीय ग्रामीणों और खेलप्रेमियों में खासा उत्साह देखने को मिला. आयोजन स्थल पर दिनभर लोगों की अच्छी-खासी भीड़ जुटी रही. कार्यक्रम में कांग्रेस विधानसभा प्रभारी दामोदर तुरी, प्रखंड अध्यक्ष लाडले खान, जुगनू खान, तुलेसर गंझू, अरुण तुरी, राजेश गंझू और कुलेश्वर गंझू समेत अन्य गणमान्य लोग और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे. अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन किया.
अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित
इस अवसर पर अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर अवसर मिलता है. खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है. ऐसे आयोजनों से ग्रामीण क्षेत्र के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच भी मिलता है.
युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर
आयोजकों ने प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ियों और सहयोग करने वाले लोगों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ग्रामीण क्षेत्र में इस तरह के खेल आयोजनों को बढ़ावा देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने का अवसर मिल सके.
