बालूमाथ: प्रखंड क्षेत्र के मगध कोलियरी क्षेत्र से पुलिस ने अवैध कोयला लदे एक हाइवा को जब्त किया है. हाइवा (जेएच16एफ-1434) में करीब 31 टन कोयला लदा हुआ था. इस संबंध में बालूमाथ थाना प्रभारी अनुभव सिन्हा ने बताया कि लातेहार पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव को गुप्त सूचना मिली थी कि मगध कोलियरी क्षेत्र से अवैध रूप से कोयला लदा हाइवा निकलने वाला है.
सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई. पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए मगध कोलियरी क्षेत्र में उक्त हाइवा को पकड़ लिया. हालांकि पुलिस को देखते ही चालक हाइवा छोड़कर फरार हो गया.
जांच के दौरान हाइवा से संबंधित कोई कागजात भी नहीं मिला. पुलिस ने इस मामले में बालूमाथ थाना कांड संख्या 92/26 दर्ज करते हुए हाइवा को जब्त कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है.
