चंदवा,लातेहार: विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत मैपिंग से वंचित मतदाताओं को जारी नोटिस के बाद गुरुवार को प्रखंड की मालहन, चकला और बारी पंचायत में विशेष शिविर आयोजित किये गये. शिविरों में बड़ी संख्या में नोटिस प्राप्त मतदाता पहुंचे और निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपने दावे प्रस्तुत किये.
बारी पंचायत में आयोजित शिविर में अपर समाहर्ता सलमान जफर खिजरी की मौजूदगी में मतदाताओं के दावों की सुनवाई की गयी. वहीं, मालहन पंचायत में अंचलाधिकारी सुमित कुमार झा तथा चकला पंचायत में सहायक निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी सह बीडीओ चंदन प्रसाद मौजूद रहे.
यह भी पढ़ें : Latehar News: पिपराडीह शिव मंदिर में सावन समापन पर 24 घंटे का अखंड हरिकीर्तन शुरू
दस्तावेजों की हुई जांच
शिविर के दौरान अधिकारियों और निर्वाचन कर्मियों ने मतदाताओं के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की. साथ ही, उन्हें दावे प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जानकारी दी गयी. अनमैप्ड मतदाताओं के दावों की सुनवाई के अलावा नये मतदाताओं का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया के संबंध में भी जानकारी दी गयी.
कई मतदाताओं ने मतदाता सूची में नाम, पता और अन्य त्रुटियों के सुधार के लिए संबंधित प्रपत्र भरने की प्रक्रिया की जानकारी ली.
अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि नोटिस मिलने पर निर्धारित शिविर में आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचकर अपना दावा प्रस्तुत करें, ताकि पात्र मतदाताओं का नाम पुनरीक्षण प्रक्रिया के दौरान मतदाता सूची में सुनिश्चित किया जा सके.
