लातेहार: समाहरणालय के सभागार मे गुरूवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, संस्थागत प्रसव, एएनसी (गर्भावस्था पूर्व जांच) पंजीकरण एवं फॉलो-अप, एनसीडी (असंक्रामक रोग) स्क्रीनिंग, पेंटा-1 एवं पेंटा-3 टीकाकरण कवरेज, ओपीवी-1 कवरेज तथा एमटीसी (माल्न्यूट्रिशन ट्रीटमेंट सेंटर) केंद्रों की कार्यप्रणाली की समीक्षा की गई.
उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले की सभी गर्भवती महिलाओं का समय पर एएनसी पंजीकरण सुनिश्चित करते हुए आवश्यक स्वास्थ्य जांच एवं नियमित फॉलो-अप कराया जाए. उन्होंने मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने तथा टीकाकरण के निर्धारित लक्ष्यों को शत-प्रतिशत प्राप्त करने के लिए विशेष रूप से कार्य करने का निर्देश दिया है.
बैठक में जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, मानव संसाधन, आवश्यक दवाओं की उपलब्धता एवं आधारभूत संरचना की भी समीक्षा की. उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले मरीजों को समय पर बेहतर एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने, आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य संस्थानों की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ बनाए रखने के निर्देश दिया.
प्रखंड वार स्नेक बाइट (सर्पदंश) एवं डॉग बाइट (कुत्ता काटने) के मामलों की भी समीक्षा की. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को ऐसे मामलों में त्वरित उपचार, आवश्यक दवाओं एवं एंटी-स्नेक वेनम-रेबीज संबंधी उपचार की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है. बैठक में सिविल सर्जन डॉ राजमोहन खलखो, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी डॉ चंदन समेत चिकित्सक व एमओआईसी उपस्थित थे.
