चंदवा, लातेहार : अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा के बैनर तले शनिवार, 5 सितंबर को कामता गांव स्थित गणिनाथ धर्मशाला परिसर में 26वां बाबा गणिनाथ वार्षिक महोत्सव मनाया जाएगा. महोत्सव को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है.
अतिथियों को सौंपा गया निमंत्रण पत्र
महोत्सव में मुख्य अतिथि विधायक प्रकाश राम के अलावा विशिष्ट अतिथि राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष कुंदन कुमार गुप्ता, प्रदेश अध्यक्ष राजेश साह, प्रभारी नागेश्वर गुप्ता, संरक्षक राजकुमार साह, उपाध्यक्ष सतीश प्रसाद गुप्ता, महामंत्री नंद किशोर प्रसाद, आनंद प्रसाद, पलामू डीइओ संदीप कुमार, नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. पवन कुमार और लातेहार पुअनि रमाकांत गुप्ता को सभा के सदस्यों ने निमंत्रण पत्र सौंपा.
झंडोत्तोलन से होगी कार्यक्रम की शुरुआत
सभा के सदस्यों ने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह झंडोत्तोलन के साथ होगी. इसके बाद पूजन, हवन, भजन-कीर्तन, आरती और प्रसाद वितरण किया जाएगा. बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया जायेगा.
अखिल भारतीय मध्यदेशीय वैश्य सभा ने समाज के सभी लोगों से महोत्सव में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है.
