सेरेनदाग जंगल से पांच किलो का सिलिंडर बम बरामद

सेरेनदाग जंगल से पांच किलो का सिलिंडर बम बरामद

हेरहंज ़ लातेहार जिले के हेरहंज थाना क्षेत्र अंतर्गत सेरेनदाग जंगल में नक्सलियों द्वारा सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की एक बड़ी साजिश विफल कर दी गयी. पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने संयुक्त अभियान चलाकर जंगल में छिपाकर रखा गया पांच किलो का शक्तिशाली सिलिंडर बम बरामद किया है. एसपी कुमार गौरव को मिली गुप्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए जवानों ने नक्सलियों के मंसूबों पर पानी फेर दिया. बम निरोधक दस्ते ने मौके पर किया डिफ्यूज : एसएसबी 35वीं वाहिनी (एफ-समवाय) के उप कमांडेंट नीरज कुमार सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के गश्ती मार्ग पर विस्फोटक प्लांट किया है. इस इनपुट के बाद जिला पुलिस और एसएसबी ने सघन सर्च अभियान शुरू किया. घने जंगलों की खाक छानने के बाद जवानों ने एक स्थान से पांच किलो का सिलिंडर बम बरामद किया. बम निरोधक दस्ते ने इसे जंगल में ही सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. अस्तित्व बचाने के लिए छटपटा रहे नक्सली : जिले में बढ़ते पुलिसिया दबाव के कारण नक्सली संगठन बैकफुट पर हैं. अपने गिरते अस्तित्व को बचाने के लिए उग्रवादी जंगलों में छिपकर सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने की फिराक में हैं. इस अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट नीरज कुमार सिंह, एफ-समवाय प्रभारी विजय पाल और हेरहंज थाना प्रभारी कृष्णपाल सिंह पवैया ने किया. अभियान में एसएसबी और जिला बल के जवान शामिल थे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHAILESH AMBASHTHA

SHAILESH AMBASHTHA is a contributor at Prabhat Khabar.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >