Latehar News: बालूमाथ में जर्जर एलटी तारों से हादसे का खतरा, ढुलवाही से गर्ल्स हाई स्कूल तक जगह-जगह लटक रहे तार

बालूमाथ के ढुलवाही मोहल्ले में जर्जर बिजली तारों के कारण कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। ग्रामीण बिजली विभाग से नए केबल लगाने की मांग कर रहे हैं।

बालूमाथ,लातेहार : प्रखंड के कई मोहल्लों में इन दिनों बिजली व्यवस्था जर्जर एलटी तारों के भरोसे चल रही है. ढुलवाही मोहल्ला ट्रांसफार्मर से गर्ल्स हाई स्कूल तक एलटी तार पूरी तरह जर्जर हो चुका है. लंबे समय से केबल क्षतिग्रस्त होने के कारण बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. कई जगह तार नीचे की ओर लटक गये हैं, जबकि कई स्थानों पर केबल को जोड़कर बिजली आपूर्ति की जा रही है. इससे कभी भी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी हुई है.

बार-बार क्षतिग्रस्त हो रहे बिजली के तार

ग्रामीणों के अनुसार, हिंदुस्तान ढाबा के पास कई बार ट्रक और हाइवा की चपेट में आने से बिजली के पोल और केबल क्षतिग्रस्त हुए हैं. इसके बाद बिजली विभाग द्वारा केबल को जोड़कर किसी तरह बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाती है. बार-बार मरम्मत किये जाने के कारण तार अब पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं.

ग्रामीणों ने बताया कि 11 हजार वोल्ट का केबल गिरने के कारण भी एलटी तार क्षतिग्रस्त हुआ था. इसके बावजूद पुराने केबल को बदलने के बजाय मरम्मत कर बिजली आपूर्ति बहाल की जा रही है.

बिजली बाधित होने के साथ हादसे का खतरा

ढुलवाही मोहल्ला ट्रांसफार्मर से गर्ल्स हाई स्कूल तक पुराने और क्षतिग्रस्त केबल के कारण आये दिन बिजली आपूर्ति बाधित होती है. वहीं, नीचे लटकते और जोड़कर चलाये जा रहे तारों से लोगों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है.

ग्रामीणों ने बिजली विभाग से ढुलवाही मोहल्ला में पुराने एलटी तार और क्षतिग्रस्त केबल को बदलकर नया केबल लगाने की मांग की है. लोगों का कहना है कि समय रहते जर्जर तारों को नहीं बदला गया, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sumit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >