लातेहार. समाहरणालय में मंगलवार को उपायुक्त संदीप कुमार की अध्यक्षता में साप्ताहिक जन शिकायत निवारण का आयोजन किया गया. जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्र से आये लोगों ने अपनी-अपनी समस्याओं को उपायुक्त के समक्ष रखा. इस दौरान उपायुक्त ने वहां उपस्थित सभी लोगों से एक–एक कर उनकी समस्याएं सुनी. सदर प्रखंड के तरवाडीह गांव निवासी पिंकी देवी ने उपायुक्त को आवेदन देकर आवास योजना के अंतर्गत आवास दिलाने की मांग की. उन्होंने बताया कि वे अपने परिवार के साथ एक मिट्टी के घर में रह रही हैं, जिसकी स्थिति बेहद जर्जर है और घर गिर रहा है. आवेदन को संज्ञान में लेते हुए उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. जन शिकायत निवारण में विभिन्न विभागों से संबंधित जुड़े आवेदन आये. सभी शिकायतकर्ता की समस्याओं को सुनने के बाद उपायुक्त ने संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया कि सभी आवेदनों का भौतिक सत्यापन करते हुए, समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द करें. छात्रावास शुरू कराने को लेकर जिप सदस्य ने डीसी को लिखा पत्र
बरवाडीह. प्रखंड मुख्यालय में करीब दो दशक पूर्व निर्मित आदिवासी बालिका छात्रावास अब तक शुरू नहीं हो सका है. इसके कारण क्षेत्र की आदिवासी छात्राएं किराये के मकानों में रहकर पढ़ाई करने को मजबूर है. इस गंभीर समस्या को देखते हुए जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर ने उपायुक्त को पत्र लिखकर छात्रावास को अविलंब चालू कराने की मांग की है. जिप सदस्य ने बताया कि लंबे समय से जर्जर पड़े इस छात्रावास का हाल ही में जिला परिषद के माध्यम से जीर्णोद्धार कराया गया है. वर्तमान में भवन पूरी तरह दुरुस्त है और पूर्व में बेड सहित कई आवश्यक सामग्रियां भी खरीदी जा चुकी हैं. उन्होंने उपायुक्त से आग्रह किया है कि कल्याण विभाग के माध्यम से वार्डन और सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र पूरी कर नामांकन शुरू कराया जाये, ताकि छात्राओं को राहत मिल सके.
