लातेहार: DC संदीप कुमार ने मॉडल डिग्री कॉलेज और पंचायत भवन का किया निरीक्षण, अतिक्रमण हटाने और कर्मियों की अनुपस्थिति पर कार्रवाई के निर्देश

लातेहार उपायुक्त संदीप कुमार ने मॉडल डिग्री कॉलेज और पंचायत भवनों का औचक निरीक्षण किया. उन्होंने अतिक्रमण हटाने और सरकारी संस्थानों में लापरवाही के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए.

लातेहार: उपायुक्त संदीप कुमार ने शनिवार को सदर प्रखंड के गोवा गांव स्थित मॉडल डिग्री कॉलेज और जालिमखुर्द पंचायत भवन का निरीक्षण किया. इसके बाद उन्होंने भूसुर पंचायत में निर्माणाधीन विभिन्न परियोजनाओं का भी जायजा लिया. निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्माण कार्यों में तेजी लाने और सरकारी संस्थानों में लापरवाही पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया.

कॉलेज परिसर से अतिक्रमण हटाने का निर्देश

गोवा मॉडल डिग्री कॉलेज के निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने भवन के समीप अवैध रूप से कब्जा किये गये स्थान का संज्ञान लिया. उन्होंने लातेहार अंचल अधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया. उपायुक्त ने कॉलेज परिसर में निर्माणाधीन बाउंड्री का भी निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारी को इसका निर्माण कार्य जल्द पूरा कराने को कहा. छात्रावास निर्माण की धीमी प्रगति और निर्धारित मानकों के अनुपालन में कमी मिलने पर उन्होंने संबंधित संवेदक को ब्लैकलिस्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश दिया.

पंचायत भवन में नहीं मिले कर्मी

इसके बाद उपायुक्त ने जालिमखुर्द पंचायत भवन का निरीक्षण किया. इस दौरान पंचायत भवन में कोई भी कर्मी उपस्थित नहीं मिला. उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को मामले की जांच कर लापरवाही बरतने वाले कर्मियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सरकारी भवनों और संस्थानों में संचालित कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही या अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

भूसुर में निर्माणाधीन योजनाओं की समीक्षा

इसके बाद उपायुक्त ने भूसुर पंचायत में निर्माणाधीन हॉकी स्टेडियम, स्विमिंग पूल, एडमिनिस्ट्रेशन बिल्डिंग, मल्टीपरपस हॉल, कमर्शियल ट्रेनिंग सेंटर, छात्रावास और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया. उन्होंने सभी परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की समीक्षा की. उपायुक्त ने कार्यपालक अभियंता और संवेदक को निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे किये जायें. साथ ही निर्माण में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने को कहा. मौके पर डीडीसी सैय्यद रियाज अहमद, उप निर्वाचन पदाधिकारी मेरी मड़की, एसडीओ दिनेश कुमार, सीओ नन्द कुमार राम समेत कई अधिकारी मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >