उपायुक्त पहुँचे चंदवा, प्रखंड कार्यालय, सीएचसी व कस्तूरबा विद्यालय का किया निरीक्षण

उपायुक्त संदीप कुमार ने चंदवा प्रखंड का दौरा कर सीएचसी, कस्तूरबा विद्यालय और सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिए।

प्रतिनिधि चंदवा : उपायुक्त संदीप कुमार ने शनिवार को चंदवा प्रखंड का दौरा किया. इस दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, प्रखंड कार्यालय, राजकीय मध्य विद्यालय, मतदान केंद्र व पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया. विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और व्यवस्था की समीक्षा की. सबसे पहले डीसी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गए. यहां सभी वार्डों का निरीक्षण कर साफ-सफाई एवं मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली. प्रभारी डॉ. नीलिमा ने अस्पताल में उपलब्ध दवा, चिकित्सा उपकरण व अन्य संसाधनों की जानकारी दी. उपप्रमुख अश्विनी कुमार मिश्रा ने सीएचसी में जनरेटर नहीं होने के कारण मरीजों को हो रही कठिनाइयों की जानकारी दी. मामले पर उपायुक्त ने सिविल सर्जन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया. श्री मिश्रा ने प्राथमिक विद्यालय टूढ़ामू के जर्जर भवन का मामला भी रखा. इस पर डीसी ने डीएसई को विद्यालय का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया. इसके बाद डीसी प्रखंड कार्यालय पहुंचे. बीडीओ चंदन प्रसाद व सीओ सुमित कुमार झा से विकास व राजस्व की प्रगति की समीक्षा की.

कहा कि बेवजह आम लोगों को परेशान ना करें. ससमय लोगों का काम सुनिश्चित करें. इसके बाद राजकीय मध्य विद्यालय में आठवीं कक्षा के विद्यार्थियों के बीच साइकिल का वितरण किया. इसके बाद मतदान केंद्र में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य का जायजा लिया. बीएलओ को गणना प्रपत्र सही तरीके से भरकर निर्धारित समय सीमा के भीतर जमा करने की बात कही. इसके बाद डीसी पीएमश्री कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय पहुंचे. यहां विद्यालय भवनों की जर्जर स्थिति, परिसर में फैली गंदगी और घास देखकर नाराजगी जताई. डीएसई को भवनों की शीघ्र मरम्मत कराने तथा वार्डन को एक सप्ताह के भीतर साफ-सफाई का निर्देश दिया. लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की बात कही. इसके बाद लैब रूम का जायजा लिया. शिक्षिका अर्पणा वैध ने उपायुक्त को लैब के विषयों को विस्तार से बताया. डीसी ने उत्क्रमित उच्च विद्यालय दामोदर का भी निरीक्षण किया. इस दौरान एसडीओ अशोक कुमार, सिविल सर्जन राजमोहन खलको, डीएसओ श्रवण राम, डीएसई गौतम कुमार, डीईओ ऋषिकेश कुमार डीटीओ उमेश मंडल, बीडीओ चंदन प्रसाद, सीओ सुमित कुमार झा एमओ मोनू पंडित सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: Sumit kumar

Published by: Janardan Pandey

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >