Latehar News: सिर पर स्कूल बैग की जगह राशन, बारिश में नन्हे बच्चों से ढुलवायी जा रही मिड-डे मील की सामग्री

लातेहार के एक स्कूल में छोटे बच्चों से मिड-डे मील का राशन ढुलवाने का मामला सामने आया है। ग्रामीणों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ बताया है।

गारू, लातेहार : सरयू प्रखंड के घासीटोला स्थित उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय में छोटे-छोटे छात्र-छात्राओं से बारिश के दौरान मध्याह्न भोजन के लिए अंडा, दाल, आलू समेत अन्य सामग्री ढुलवाये जाने का मामला सामने आया है. बच्चे अपने सिर पर खाद्य सामग्री रखकर स्कूल पहुंच रहे हैं. बारिश के बीच बच्चों से सामान ढुलवाये जाने की तस्वीर सामने आने के बाद अभिभावकों और ग्रामीणों में नाराजगी है.

बारिश में भीगते हुए सिर पर ढो रहे राशन

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि विद्यालय के बच्चों से राशन ढुलवाना अनुचित है. बारिश के दौरान नन्हे छात्र-छात्राएं सिर पर मध्याह्न भोजन की सामग्री लेकर स्कूल जाते देखे गये. ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों को स्कूल शिक्षा ग्रहण करने के लिए भेजा जाता है, न कि उनसे सामान ढुलवाने का काम कराया जाता है.

दुर्घटना की आशंका से अभिभावक चिंतित

ग्रामीणों के अनुसार बारिश में बच्चों के भीगने से उनके बीमार पड़ने की आशंका रहती है. इसके अलावा सामान लेकर आने-जाने के दौरान रास्ते में किसी दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती है. ग्रामीणों ने विद्यालय प्रबंधन की इस व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए बच्चों से इस तरह का काम नहीं कराने की मांग की है.

बीईईओ ने कहा- जांच कर होगी कार्रवाई

मामले को लेकर बीईईओ ने कहा कि मामला उनके संज्ञान में आया है. इसकी जांच करायी जायेगी और जांच के आधार पर कार्रवाई की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >