विमान हादसे के पीड़ित के घर दूसरी बार पहुंचे चतरा सांसद, दी आर्थिक मदद

विमान हादसे के पीड़ित के घर दूसरी बार पहुंचे चतरा सांसद, दी आर्थिक मदद

चंदवा़ लातेहार-चतरा सीमावर्ती क्षेत्र में हुए एयर एंबुलेंस हादसे में जान गंवाने वाले पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करने के लिए सांसद कालीचरण सिंह रविवार को दूसरी बार उनके घर पहुंचे. इस भीषण हादसे में चंदवा निवासी संजय कुमार, उनकी पत्नी अर्चना देवी और उनके भांजे ध्रुव कुमार समेत कुल सात लोगों की दुखद मौत हो गयी थी. दंपती के निधन के बाद उनके दोनों बच्चे अनाथ हो गये हैं. पीड़ितों को हर संभव मदद का भरोसा : सांसद कालीचरण सिंह ने पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी और अनाथ हुए बच्चों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया. मौके पर उन्होंने परिजनों को व्यक्तिगत रूप से आर्थिक सहायता भी प्रदान की. सांसद ने कहा कि यह हृदयविदारक घटना है और वे दुख की इस घड़ी में हर पल पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं. उन्होंने बताया कि मुआवजे को लेकर उन्होंने शनिवार को चतरा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात की है. वे इस मांग को पुरजोर तरीके से उठा रहे हैं कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को राज्य सरकार की ओर से दो-दो करोड़ रुपये की आर्थिक मदद मिले. इसके लिए वे केंद्र सरकार के समक्ष भी पैरवी करेंगे. प्रशासन की उदासीनता पर जताया रोष : इस दौरान मंडल अध्यक्ष आशीष सिंह, निवर्तमान अध्यक्ष अमित कुमार गुप्ता, सांसद प्रतिनिधि दीपक निषाद व विधायक प्रतिनिधि आदर्श रविराज ने मामले पर गहरी नाराजगी जतायी. उन्होंने कहा कि इतनी बड़ी त्रासदी के बाद भी अब तक जिले का कोई भी प्रशासनिक अधिकारी पीड़ित परिवार से मिलने नहीं पहुंचा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है. नेताओं ने सरकार और जिला प्रशासन से अविलंब पीड़ित परिवारों को सहायता राशि उपलब्ध कराने की मांग की है. इसके पूर्व सांसद चंदवा पोस्ट ऑफिस के समीप भाजपा किसान मोर्चा अध्यक्ष देवमणि वैद्य के घर पहुंचे और सड़क दुर्घटना में घायल हुए श्री वैद्य का हाल-चाल जाना. मौके पर सिकनी ट्रक ओनर एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल रंजन नाथ शाहदेव, संजीव आजाद, रिक्की वर्मा, मंटू केसरी, विजय कुमार, मनोज पाठक, संजय साहू समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >