संजय कुमार की रिपोर्ट
बरवाडीह (लातेहार) : प्रखंड में लंबे समय से जर्जर और कच्ची सड़कों की समस्या झेल रहे ग्रामीणों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है. जिला परिषद सदस्य संतोषी शेखर की पहल पर क्षेत्र में कई सड़क निर्माण योजनाओं की प्रक्रिया तेज हो गयी है. इनमें पहाड़ी मंदिर रोड से गुलजारबाग स्कूल होते हुए मंडल रोड तक सड़क निर्माण और भगत सिंह चौक के समीप ठुठाकुसुम से अहिरपुरवा तक सड़क निर्माण समेत कई योजनाएं शामिल हैं.
निर्माण की दिशा में पहल करने का अनुरोध
इन योजनाओं की स्वीकृति और निर्माण को लेकर जिला परिषद सदस्य ने पिछले माह विधायक रामचंद्र सिंह और उपायुक्त संदीप कुमार से मुलाकात कर मांग पत्र सौंपा था. विधायक ने भी उपायुक्त को पत्र लिखकर क्षेत्र में आवश्यक सड़कों और पुल-पुलियाओं के निर्माण की दिशा में पहल करने का अनुरोध किया था.
टीम ने प्रस्तावित सड़कों का किया स्थल निरीक्षण
इसके बाद उपायुक्त के निर्देश पर विशेष प्रमंडल की टीम बरवाडीह पहुंची. सहायक अभियंता संजय हांसदा और कनीय अभियंता नरेश मंडल ने प्रस्तावित सड़कों का स्थल निरीक्षण कर भौतिक सत्यापन किया. सहायक अभियंता ने बताया कि योजनाओं का प्राक्कलन तैयार करने का निर्देश मिला है. सड़क निर्माण के साथ नाली, कलवर्ट और गार्डवाल निर्माण का भी प्रस्ताव तैयार किया जायेगा. जल्द ही प्राक्कलन तैयार कर विभाग को भेज दिया जायेगा.
ये भी पढ़ें: मनिका में अंधविश्वास पड़ा भारी: सर्पदंश के बाद झाड़-फूंक में उलझे परिजन, युवक की गई जान
ग्रामीणों में जगी उम्मीद
सड़क निर्माण योजनाओं की प्रक्रिया शुरू होने से ग्रामीणों में भी उम्मीद जगी है कि लंबे समय से खराब सड़कों की समस्या से जल्द निजात मिलेगी.
