चंदवा. शुक्रवार की रात चोरों ने लातेहार व्यवहार न्यायालय के अधिवक्ता प्रवीण सिंह (कामता गांव निवासी) के घर को निशाना बनाया. चोर चहारदीवारी फांदकर परिसर में घुसे और मुख्य दरवाजे का लॉक काट दिया. इसके बाद उन्होंने जिस कमरे में प्रवीण सिंह सो रहे थे, उसकी कुंडी बाहर से बंद कर दी. चोरों ने घर में रखे कांसा-पीतल के बर्तन और नौ हजार रुपये नकद समेत अन्य कीमती सामान चुरा लिए. इसी रात चोरों ने भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष लाल अमित नाथ शाहदेव के घर में भी चोरी का प्रयास किया, लेकिन वहां वे सफल नहीं हो सके. पर्यावरण प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन
लातेहार. जिला मुख्यालय के धर्मपुर में संचालित सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में आरोग्य भारती द्वारा पर्यावरण प्रबोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. मौके पर प्रदेश सचिव सचिन प्रकाश तिवारी ने कहा कि आरोग्य भारती का उद्देश्य भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा के आधार पर स्वस्थ समाज का निर्माण करना है. उन्होंने बताया कि प्रकृति से जुड़े सभी जीव स्वाभाविक रूप से स्वस्थ रहते हैं. जबकि मनुष्य जीवनचर्या के नियमों का पालन नहीं करने के कारण अनेक बीमारियों का शिकार हो जाता है. पर्यावरण संयोजक अरुण कुमार राय ने कहा कि पर्यावरण का अर्थ हमारे चारों ओर का आवरण है, जिसकी शुद्धता आवश्यक है. उन्होंने जल, वायु, अग्नि तथा पंचतत्वों की शुद्धता बनाये रखने पर बल दिया. जिला संचालक अनिल ठाकुर ने कहा कि मानव कल्याण के लिए पर्यावरण संरक्षण अनिवार्य है. कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेश शर्मा ने की. मौके पर मोती सोनी, राजेंद्र पासवान, सुनीता देवी, ममता देवी, वीरेंद्र प्रसाद, बबन पासवान व ओंकारनाथ सहाय समेत कई लोग उपस्थित थे.
