उज्जैन में निर्माणाधीन ब्रिज पर हादसा, हेरहंज के मजदूर की दबकर मौत

उज्जैन में निर्माणाधीन ब्रिज पर हादसा, हेरहंज के मजदूर की दबकर मौत

हेरहंज ़ रोजगार की तलाश में मध्य प्रदेश गये लातेहार के एक और लाल की बलि चढ़ गयी. प्रखंड के सलैया पंचायत अंतर्गत कटांग (कुसमाही) निवासी अशोक गंझू (25 वर्ष) की उज्जैन में एक निर्माणाधीन ब्रिज हादसे में मौत हो गयी. मृतक प्रेमचंद गंझू का पुत्र था. जानकारी के अनुसार, उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारी को लेकर चल रहे निर्माण कार्यों के दौरान शनिवार दोपहर नीलगंगा थाना क्षेत्र के शांति पैलेस चौराहे के पास यह हृदयविदारक घटना घटी. भारी भरकम सरियों के बीच दबा अशोक : बताया जाता है कि शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे अशोक हाइड्रा मशीन की मदद से करीब 50 फीट की ऊंचाई पर लोहे के सरियों की जाली फिट कर रहा था. इसी दौरान क्विंटल के हिसाब से भारी सरिया उसके ऊपर गिर गया और वह उसके बीच बुरी तरह फंस गया. सहकर्मी उसे आनन-फानन में अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. तीन माह पहले काम पर ले गया था ठेकेदार : मजदूर साथियों ने बताया कि लावागड़ा (सेरनदाग) निवासी ठेकेदार शहीद अंसारी और तौफीक अंसारी करीब तीन माह पूर्व एक दर्जन मजदूरों को उज्जैन ले गये थे. अशोक भी उन्हीं के साथ काम करने गया था. इधर, घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. गांव में चूल्हे नहीं जले और सन्नाटा पसरा हुआ है. सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप : इस हादसे के बाद ब्रिज निर्माण कंपनी और ठेकेदार की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं. मजदूरों का आरोप है कि कार्यस्थल पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे, जिसके कारण यह जानलेवा हादसा हुआ. इधर, बीडीओ अमित कुमार ने कहा कि उन्हें अब तक आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है, जानकारी मिलने पर परिजनों से संपर्क कर हर संभव मदद का प्रयास किया जायेगा. खबर लिखे जाने तक शव गांव नहीं पहुंच पाया था.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >