बालूमाथ़ प्रखंड के शेरेगड़ा गांव में ठगी का एक नया मामला प्रकाश में आया है. यहां 40 प्रतिशत छूट पर वाहन दिलाने का प्रलोभन देकर एक महिला से 75 हजार रुपये की ठगी कर ली गयी है. इस संबंध में पीड़िता ने बालूमाथ थाने में आवेदन देकर दोषी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और पैसे वापस दिलाने की गुहार लगायी है. थाने में दिये आवेदन में शेरेगड़ा गांव निवासी प्रियंका देवी (पति तारकेश्वर यादव) ने बताया कि वह अपने पति के साथ वाहन खरीदने के लिए हेरहंज स्थित हीरो शोरूम गयीं थीं. इसी दौरान उनकी मुलाकात जाला (शेरेगड़ा) निवासी रामनिवास चौधरी से हुई. आरोपी रामनिवास चौधरी ने खुद को राधा स्वामी संगठन से जुड़ा हुआ बताया और किसी भी वाहन को 40 प्रतिशत की भारी छूट पर उपलब्ध कराने का भरोसा दिया. एग्रीमेंट कराकर ठगे पैसे : पीड़िता आरोपी के झांसे में आ गयी और उसने नकद व फोन पे (डिजिटल माध्यम) के जरिये कुल 75 हजार रुपये का भुगतान कर दिया. महिला ने बताया कि आरोपी ने इस पूरी प्रक्रिया का एक एग्रीमेंट भी कराया था और कहा था कि वाहन की शेष राशि किस्तों के माध्यम से संगठन द्वारा चुकायी जायेगी. हालांकि, चार माह बीत जाने के बाद भी जब किसी प्रकार की किस्त नहीं भरी गयी, तब पीड़िता को ठगी का अहसास हुआ. पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की छानबीन में जुट गयी है.
40 फीसदी छूट पर वाहन दिलाने के नाम पर महिला से 75 हजार की ठगी
40 फीसदी छूट पर वाहन दिलाने के नाम पर महिला से 75 हजार की ठगी
