बारेसांढ़ (लातेहार). गारू प्रखंड अंतर्गत बारेसांढ़ एवं मायापुर पंचायत में दर्जनों आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन जर्जर स्थिति में है. इससे आंगनबाड़ी सेविका सहायिका के अलावा बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है.
भवन की जर्जर स्थिति के कारण अभिभावक अपने बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों में भेजने से परहेज करते है. इस संबंध में ग्रामीण छोटेलाल प्रसाद, राकेश कुमार, रामब्रत मुंडा, मनोज यादव, विजय सिंह आदि ने बताया की जर्जर आंगनबाड़ी केंद्र की स्थिति के कारण भवन का छत गिरने का भय रहता है. इस भय के मारे बच्चों को केंद्र में नहीं भेजते हैं. परिणामस्वरूप बच्चों की संख्या आंगनबाड़ी केंद्रो में दिन प्रतिदिन कम होती जा रही है. सरकार बच्चों के पोषण एवं शिक्षण पर बल दे रही है. मगर जर्जर आंगनबाड़ी केद्रों की स्थिति के कारण ग्रामीण बच्चों इस लाभ से वंचित हो रहे है. ग्रामीणों ने जिले के उपायुक्त से जर्जर भवन की मरम्मत की मांग की है.
चूल्हा जलाने के दौरान 70 फीसदी जली महिला
लातेहार. सदर थाना क्षेत्र के बारियातू जागीर निवासी मुरारी सिंह की पत्नी सबिता देवी बुधवार को चूल्हा जलाने के क्रम में झुलस गयी. उसे घायल अवस्था में सदर अस्पताल लाया गया. डाॅ लक्ष्मण प्रसाद ने उसका इलाज किया. उन्होंने बताया कि महिला तकरीबन 70 फीसदी जल गयी है. उसे बेहतर इलाज के रिम्स भेजा गया है. महिला ने पुलिस के समक्ष चूल्हा जलाने के क्रम में साड़ी में आग लगने की बात स्वीकार की है.
सड़क दुर्घटना में महिला घायल
लातेहार. एनएच 75 पर भारूका पेट्रोल पंप के पास हुई एक सड़क दुर्घटना में वृज साव की बेटी लीलावती देवी घायल हो गयी. वह अपने घर जा रही थी. इस क्रम में एक अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया. दुर्घटना में उसका दाहिना पैर में चोट लगी है. उसे घायल अवस्था में सदर अस्पताल लाया गया. डा हरेनचंद महतो ने प्राथमिक इलाज कर बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया है. अज्ञात वाहन चालक भागने में सफल रहा.
