बारियातू : बालूमाथ थाना क्षेत्र की अमरवाडीह पंचायत अंतर्गत चेडरा गांव निवासी मनोज गंझू (32) की हत्या बुधवार की रात पत्थर से कूच कर कर दी गयी. परिजनों को घटना की जानकारी गुरुवार की सुबह मिली. शव देखते ही परिजन दहाड़ मार कर रोने लगे. घटना की जानकारी मिलते ही एसडीपीओ पीयूष पांडेय, इंस्पेक्टर हरीशचंद्र व थाना प्रभारी नंद किशोर प्रसाद सदल-बल घटनास्थल पर पहुंचे. इस संबंध में मृतक के भाई चमन गंझू ने उग्रवादियों के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज करायी है. इस घटना के विरोध में लोगों ने शव के साथ फुलसू मोड़ के पास एनएच 99 जाम कर दिया.
परिजन मुआवजा व नौकरी की मांग कर रहे थे. सुबह नौ बजे से शुरू हुआ जाम पुलिस पदाधिकारियों की पहल पर तीन घंटे बाद करीब 12 बजे खुल पाया. तब जाकर शव अंत्यपरीक्षण के लिये भेजा गया. इस बीच फुलसू मोड़ के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गयी.
मगध कोलियरी गये थे
मृतक की पत्नी सुमन देवी ने बताया कि बुधवार की सुबह पति पास में रहने वाले सोमनाथ गंझू के साथ बाइक से मगध कोलियरी गये थे. गुरुवार की सुबह सात बजे चेडरा स्थित सुरांगी टोंगरी के पास शव मिलने की सूचना मिली. मनोज गंझू इन दिनों कोयला का काम करता था.
