लातेहार : समाहरणालय में आयोजित जनता दरबार में उपायुक्त प्रमोद कुमार गुप्ता ने जिले के विभिन्न प्रखंडों से आये ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और उसके निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किया. उपायुक्त ने ग्रामीणों से कहा कि सरकार से मिलने वाली योजनाओं का लाभ प्रत्येक जरूरतमंद तक पहुंचाया जायेगा.
महुआडांड़ प्रखंड के जल सहिया संघर्ष मोरचा की महिलाओं ने उपायुक्त से मिल कर चापानल के रख-रखाव एवं मासिक बैठक की व्यवस्था करने समेत पांच मांगें रखी. इस पर उपायुक्त ने प्राथमिकता के अनुसार समस्याओं का समाधान निकालने का भरोसा दिलाया.
सदर प्रखंड के डुरूआ निवासी मखिरन यादव ने उनकी जमीन की जांच करा कर मापी कराने की मांग की. उपायुक्त ने लातेहार सीओ को नियमानुसार जमीन की मापी कराने का निर्देश दिया. चंदवा प्रखंड अंतर्गत जमीरा पंचायत के मुखिया बैजू मुंडा ने आवेदन देकर वित्तीय अधिकार के प्रतिबंध से मुक्त कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि पूर्व मुखिया दुर्गावति देवी द्वारा आठ डोभा में जेसीबी का प्रयोग करने से संबंधित लगाया गया आरोप निराधार है. इस पर उपायुक्त ने चंदवा बीडीओ को नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया.
तुबेद गांव निवासी कांति देवी ने पति की मृत्यु के बाद आर्थिक स्थिति दयनीय होने का हवाला दे कर अपने बच्चे का नामांकन कस्तूरबा विद्यालय में कराने की गुहार लगायी. जनता दरबार में गुरुकुल में नामांकन व प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने से संबंधित एक दर्जन मामले आये. लोगों की समस्या सुनने के बाद उपायुक्त ने अप्रैल माह तक समस्याओं का समाधान करने का आश्वासन दिया. इसके अलावे जनता दरबार में अनुकंपा के आधार पर नौकरी, जीविकोपार्जन के लिए रोजगार, भूमि पर से कब्जा
हटाने आदि विषयों से संबंधित कई मामले आये.
