अधिकारी खुद कैशलेस हों और दूसरों को भी प्रेरित करें

दिसंबर के अंत तक हेरहंज प्रखंड होगा खुले में शौच से मुक्त लातेहार : जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त लातेहार प्रमोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में श्री गुप्ता ने कहा कि जिले को कैशलेस बनाने के लिए प्रशासन कृत संकल्प हैं. उपायुक्त ने सभी विभागों […]

दिसंबर के अंत तक हेरहंज प्रखंड होगा खुले में शौच से मुक्त
लातेहार : जिला समन्वय समिति की बैठक उपायुक्त लातेहार प्रमोद कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में समाहरणालय के सभागार में आयोजित की गयी. बैठक में श्री गुप्ता ने कहा कि जिले को कैशलेस बनाने के लिए प्रशासन कृत संकल्प हैं.
उपायुक्त ने सभी विभागों के वेंडर एवं लाभुकों का बैंक खाता आधार नंबर से जोड़ने का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि लाभुकों की राशि डीबीटी के माध्यम से उनके निजी खाते में हस्तांतरित की जायेगी. उन्होंने कहा कि यह कार्य जिले में अभियान के तौर पर लिया जायेगा. जरूरत है लोगों की मानसिकता में परिवर्तन की. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सबसे पहले स्वयं कैशलेस बनकर एक उदाहरण प्रस्तुत करें और इसके बाद दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें. इस कार्य में आंगनबाड़ी सेविका एवं सहियाओं को भी प्रशिक्षण दिया जायेगा.
उन्होंने बताया कि जिले के चंदवा प्रखंड को पूर्णत: कैशलेस बनाने के लिये चरणबद्ध तरीके से कार्य प्रारंभ कर दिया गया है. बैठक में स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने प्रखंड विकास पदाधिकारियों को इस कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि शौचालय निर्माण के बाद सत्यापित फोटोग्राफ भेजें.
इसके बाद लाभुक के खाते में निर्धारित राशि अविलंब भेज दी जायेगी. हेरहंज प्रखंड को दिसंबर माह के अंत तक हर हाल में पूरी तरह खुले में शौच से मुक्त प्रखंड घोषित कर दिया जायेगा. उपायुक्त ने गारू प्रखंड विकास पदाधिकारी देवराम भगत को अपने प्रखंड को ओडीएफ बनाने के लिए प्रेरित किया. मनरेगा की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लक्ष्य के अनुरूप डोभा निर्माण के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि अनियमितता में शामिल मुखिया व अन्य कर्मचारियों को बख्शा नहीं जायेगा. जरूरत पड़ी तो मुखिया की वित्तीय शक्ति समाप्त कर प्राथमिकी दर्ज करायी जायेगी. पट्टे की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी अंचलाधिकारियों को अपने क्षेत्रों के भू-भागों की सूची जिले को प्रेषित करने का निर्देश दिया. उन्होंने जिले में निवास करने व टाना भगतों को शत प्रतिशत वनाधिकार पट्टा देने का निर्देश दिया.
भवन निर्माण प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता को कार्य की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि वे विभाग द्वारा संचालित योजनाओं का भौतिक निरीक्षण करेंगे.
सरयू एक्शन प्लान से जुड़े सभी विभागों को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया और कहा कि अधिकारी इस क्षेत्र के आधारभूत संरचना को सुदृढ़ बनाने के लिए शत प्रतिशत अपना योगदान दें. उप विकास आयुक्त अनिल कुमार सिंह ने इंदिरा आवास निर्माण योजना की दूसरी किस्त का भुगतान करने का निर्देश सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों को दिया. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी वरुण रंजन ने बताया कि इस वर्ष योजनाबद्ध तरीके से धान क्रय किया जायेगा. अनियमितताओं को रोकने के लिये अनुमंडल स्तर पर मॉनीटरिंग सेल का गठन किया जायेगा. अंचलाधिकारी प्रत्येक दिन अपने क्षेत्र में हुए धान क्रय की जानकारी यहां देंगे. बैठक में जिले के कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >