लातेहार : मुख्यमंत्री रघुवर दास ने कहा कि लातेहार जिले में पुलिस, सीआरपीएफ एवं कोबरा आदि के जवान लोगों की सुरक्षा के लिए जी जान से लगे हैं. बूढ़ा पहाड़ जो उग्रवाद का पर्याय बन चुका था, उसे जवानों ने खाली कर दिया. उन जवानों को सेल्यूट है. उन्होंने लातेहार एसपी अनूप बिरथरे को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी. उन्होंने कहा कि बूढ़ा पहाड़ में हमारे जवानों ने बड़ी दिलेरी से उग्रवादियों का सामना किया. बूढ़ा पहाड़ में शीघ्र ही पुलिस पिकेट की स्थापना की जायेगी. आज झारखंड भयमुक्त हो रहा है. लोग शांति और बदलाव चाहते हैं. इसमें आम नागरिकों का सहयोग भी अपेक्षित है. श्री दास लातेहार के बहुउद्देश्यीय भवन में आयोजित प्रमंडलीय स्तरीय बजट पूर्व संगोष्ठी को संबोधित कर रहे थे.
अमीरी गरीबी की खाई पटेगी : मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड सरकार अमीरी गरीबी का खाई पाटने का कार्य कर रही है. झारखंड में पूर्व की सरकारें वोट की खेती करती थीं. आजादी के 70 सालों के बाद भी गांवों की हालत अच्छी नहीं है.उच्च शिक्षा को दुरुस्त किया जा रहा : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में उच्च शिक्षा को दुरुस्त किया जा रहा है.
कोई भी मेधावी छात्र बाहर नहीं जाये, इसके लिए राज्य में उन्हें संसाधन मुहैया कराया जा रहा है.इसके लिए उच्च शिक्षा एवं तकनीकि सचिव का पदस्थापन किया गया है. झारखंड में कौशल विकास को फोकस किया जा रहा है.
बीपीएल की संख्या घटनी है : मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य विकसित तभी कहला सकता है जब यहां बीपीएल परिवारों की संख्या कम होगी. बीपीएल परिवारों को संसाधन एवं प्रोत्साहन उपलब्ध करा कर उन्हें बीपीएल की श्रेणी से ऊपर लाने की योजना सरकार ने बनायी है. बीपीएल परिवार को चार लाख तक ऋण दिया जायेगा, जिसमें एक लाख रुपये के शेड एवं तीन लाख रुपये के चूजे खरीदने के लिए दिये जायेंगे.
कैशलेस झारखंड की शुरुआत आज से : मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड में दो दिसंबर से कैशलेस झारखंड की शुरुआत नगड़ी गांव से की जायेगी. उन्होंने डिजिटल एवं कैशलेस झारखंड विकसित करने के लिए जन सहयोग की अपील की और कहा कि सिर्फ तिरंगा लेकर सड़कों पर घूमने को ही देशभक्ति नहीं कहते हैं. देश के लिए हमें समय देना होगा.
