विधायक ने कई उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कराने की बात कही
चंदवा : विधायक प्रकाश राम ने क्षेत्र हित के मद्देनजर झारखंड विस में दो प्रस्ताव व एक प्रश्न उठाया है. पहले प्रस्ताव में उन्होंने लातेहार में कार्यरत 28 शिक्षकों का मामला रखा. इसमें कहा गया है कि वर्ग एक से पांच तक जेटेट पास 28 अजा शिक्षकों को कार्य करने के बाद भी वेतन नहीं मिल रहा है.
शिक्षकों ने 10 नवंबर 2015 को जिला शिक्षा अधीक्षक के कार्यालय में मूल प्रमाण पत्रों के साथ काउंसिलिंग में भाग लिया था. 10 माह कार्य करने के बाद इनका वेतन यह कहते हुए नहीं दिया जा रहा है कि उनके पास काउसिलिंग में शामिल होने वाली पावती रसीद नहीं है. जबकि शिक्षकों के पास काउंसिलिंग पावती रसीद, नियुक्ति पत्र व पदस्थापन पत्र मौजूद है. श्री रामने इस मामले में जिला शिक्षा अधिक्षक को दोषी बताते हुए शिक्षकों को वेतन दिलवाने की ओर सरकार का ध्यान आकर्षित कराया.
इसके अलावा विधायक श्री राम ने बालूमाथ प्रखंड अंतर्गत गणेशपुर पंचायत के आरा गांव, चेताग पंचायत के ओल्हेपाट व चंदवा प्रखंड अंतर्गत बोदा गांव में उप स्वास्थ्य केंद्र निर्माण कराने की बात कही.
अल्पसूचित प्रश्न संख्या 23 में श्री राम ने आपदा प्रबंधन विभाग से सुखाड़ के तहत जिले को दी गयी राशि की जानकारी मांगी. इसके उतर में सरकार ने बताया कि लातेहार जिले में 2015-16 में सुखाड़ से ग्रसित 29 हजार 914 कृषकों के बीच 9,84,64,055 रुपये का भुगतान किसानों के खाते में किया गया. शेष भुगतान की प्रक्रिया जारी है. एसडीआरएफ के तहत कुल 16,49,48,000 रुपये की स्वीकृति सरकार ने प्रदान की थी.
