चंदवा/बारियातू/हेरहंज/बरवाडीह. चंदवा, हेरहंज व बारियातू प्रखंड में धनतेरस का त्योहार धूमधाम से मनाया गया. सुबह से ही लोग अपने-अपने घर व प्रतिष्ठान को सजाने-संवारने में लगे थे.
शहर समेत ग्रामीण इलाकों की कई दुकानों आैर घरों में धन्वंतरि जी महाराज व श्री गणेश-लक्ष्मी की पूजा भी की गयी. लोगों ने भगवान से सुख-समृद्धि व सुखद जीवन की कामना की. धनतेरस के मौके पर चंदवा, हेरहंज व बारियातू मेन रोड में दुकानें सजायी गयी थीं. बरतन, सजावट, कपड़े, ज्वेलरी, मिठाई, मिट्टी के खिलौने, बाइक, ऑटो, ट्रैक्टर, पटाखे व दीये की दुकानों पर लोगों की भीड़ थी. मान्यता है कि धनतेरस के दिन सोने-चांदी, बरतन व धातू की खरीदारी करने से समृद्धि आती है. चंदवा में मंदी के बावजूद बाजार में रौनक देखी गयी.
साप्ताहिक हाट होने के कारण ग्रामीण क्षेत्रों से भी बाजार करने कई लोग चंदवा आये थे. इससे मेन रोड में गहमा-गहमी बढ़ गयी थी. दोपहर बाद लोग सपरिवार खरीदारी करते दिखे. थाना टोली, मेन रोड व नेताजी सुभाष चौक में सजावट की दुकानें सजी थी. शाम में भी लोगों ने खरीदारी की. जानकारी के अनुसार, चंदवा में इस वर्ष करीब 80 से 85 लाख रुपये के व्यवसाय का अनुमान लगाया गया.
बरवाडीह प्रखंड में धनतेरस को लेकर सुबह से ही खरीदारी करनेवालों की भीड़ रही. लोग परिवार के साथ बाजार में बरतन, सोने -चांदी की वस्तुओं की खरीदारी की. दीपावली को लेकर बाजार में काफी भीड़ रही. बरवाडीह के बाजार में चाइनीज के दीये की ब्रिकी नहीं हुई. मिट्टी के दीये की बिक्री अच्छी हुई.
